रांची: बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनल सिलेक्शन (IBPS) ने देश के विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) और मैनेजमेंट ट्रेनी (MT) के कुल 6715 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। बैंकिंग क्षेत्र में करियर की शुरुआत करने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
आयु सीमा
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये रखा गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में किया जाएगा...
- प्रारंभिक परीक्षा (Preliminary Exam)
- मुख्य परीक्षा (Main Exam)
- साक्षात्कार (Interview)
तीनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार IBPS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज अपलोड और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में नियुक्ति पाने का यह अवसर बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बड़ी संख्या में रिक्त पद होने के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में इस भर्ती को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।




