रांची : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) में स्नातकोत्तर यानी PG पाठ्यक्रमों में बची हुई सीटों को भरने के लिए एक और मौका दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय SC-ST विशेष राउंड सह मॉप-अप राउंड आयोजित करेगा। यह प्रवेश प्रक्रिया उन पाठ्यक्रमों और आरक्षित श्रेणियों की रिक्त सीटों के लिए होगी, जहां अब प्रतीक्षा सूची में उम्मीदवार उपलब्ध नहीं हैं।
इस विशेष प्रवेश राउंड के लिए 16 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। विश्वविद्यालय की ओर से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की सूची 25 सितंबर को जारी की जाएगी।
28 सितंबर को होगा दस्तावेजों का सत्यापन
आवेदन के बाद चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उम्मीदवारों के दस्तावेजों का 28 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर में भौतिक सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद चयनित अभ्यर्थियों को 29 सितंबर को निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। अभ्यर्थियों को सत्यापन के समय सभी जरूरी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी छायाप्रतियां भी लेकर पहुंचना होगा।
प्रवेश परीक्षा के अंकों के आधार पर होगा चयन
विश्वविद्यालय के अनुसार, इस विशेष प्रवेश प्रक्रिया में उम्मीदवारों का चयन प्रवेश योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। संबंधित PG पाठ्यक्रमों और विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध सीटों की जानकारी CUJ की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। सीटों की संख्या में बदलाव होने पर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर इसकी जानकारी अपडेट की जाएगी।
किस वर्ग को कितना देना होगा आवेदन शुल्क
इस प्रवेश प्रक्रिया के लिए पंजीकरण और काउंसलिंग शुल्क श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है। सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 800 रुपये, SC-ST वर्ग के उम्मीदवारों को 400 रुपये और दिव्यांग तथा सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों को 200 रुपये शुल्क देना होगा। यह पंजीकरण शुल्क गैर-वापसी योग्य होगा।
आरक्षित वर्ग के लिए प्रमाण-पत्र अनिवार्य
CUJ PG-2025 में शामिल अभ्यर्थी भी निर्धारित पात्रता पूरी करने की स्थिति में इस विशेष प्रवेश प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के समय वैध आरक्षण प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले संबंधित PG पाठ्यक्रम, श्रेणीवार रिक्त सीटें, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांच लें।
महत्वपूर्ण तारीखें
- ऑनलाइन आवेदन: 16 से 23 सितंबर 2026
- आवेदकों की सूची: 25 सितंबर 2026
- दस्तावेज सत्यापन: 28 सितंबर 2026, सुबह 10:30 से दोपहर 2:30 बजे तक
- प्रवेश शुल्क जमा: 29 सितंबर 2026





