Hot News :

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 आज, शाम 7 बजे से मुकाबला

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 आज, शाम 7 बजे से मुकाबला

रांची : राजधानी रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि दर्शकों को दोपहर 3 बजे से स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। वहीं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दर्शकों को प्रवेश नियमों और प्रतिबंधित सामानों की जानकारी रखना जरूरी है।

एक बार बाहर निकलने पर दोबारा नहीं मिलेगी एंट्री

स्टेडियम में प्रवेश करने के बाद बाहर निकलने वाले दर्शकों को दोबारा अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसलिए दर्शकों को सलाह दी गई है कि प्रवेश से पहले अपनी जरूरतों का ध्यान रखें। बच्चों के लिए भी टिकट जरूरी: नवजात शिशु समेत हर व्यक्ति के पास वैध टिकट होना अनिवार्य है। ऑनलाइन टिकट पर प्रवेश: ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले दर्शक मोबाइल में मौजूद डिजिटल क्यूआर कोड स्कैन कराकर प्रवेश कर सकते हैं। इसके लिए टिकट की प्रिंटेड कॉपी या काउंटर से टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी।

स्टेडियम में ये सामान ले जाना प्रतिबंधित

सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के अंदर कई वस्तुएं ले जाने पर रोक है। दर्शक घर से निकलने से पहले अपने सामान की जांच कर लें।

  • सिक्के, हेलमेट, बैग, थैले और झोले
  • पानी की बोतल, बाहर से लाया गया खाना, कांच या प्लास्टिक की बोतलें, टिन और कैन
  • डीएसएलआर कैमरा, वीडियो रिकॉर्डर, लैपटॉप और कंप्यूटर
  • ट्रांजिस्टर, ईयर प्लग और हेडफोन
  • सिगरेट, बीड़ी, लाइटर, तंबाकू उत्पाद, शराब और मादक पदार्थ
  • पटाखे, आतिशबाजी की सामग्री, हथियार और नुकीली वस्तुएं
  • ज्वलनशील या विषाक्त रसायन
  • संगीत वाद्ययंत्र तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले बैनर, झंडे और पोस्टर

रूट डायवर्जन को ध्यान में रखकर निकलें

मैच के दौरान जेएससीए स्टेडियम के आसपास और रांची की प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम की ओर जाने वाले कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। मैच देखने जाने वाले दर्शकों के साथ आम नागरिकों को भी सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी लें। इससे जाम और रास्ते में होने वाली परेशानी से बचने में मदद मिलेगी। दर्शकों के लिए जरूरी सलाह: समय से पहले स्टेडियम पहुंचें, मोबाइल में डिजिटल टिकट तैयार रखें और प्रतिबंधित सामान साथ न ले जाएं। रूट डायवर्जन से जुड़ी सटीक जानकारी के लिए प्रशासन की आधिकारिक ट्रैफिक एडवाइजरी देखें।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook