Hot News :

झारखंड फूड डिपार्टमेंट में नौकरी का मौका, 24 अक्टूबर तक करें आवेदन

झारखंड फूड डिपार्टमेंट में नौकरी का मौका, 24 अक्टूबर तक करें आवेदन

रांची : झारखंड में खाद्यान्न की गुणवत्ता की निगरानी मजबूत करने के लिए राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड ने गुणवत्ता नियंत्रण विशेषज्ञों की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 24 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। निगम ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की है।

इस नियुक्ति का उद्देश्य खाद्यान्न की खरीद, भंडारण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के माध्यम से वितरण तक उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। इन विशेषज्ञों की नियुक्ति राज्य के सभी 24 जिलों में खाद्यान्न की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के लिए की जाएगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

निगम की ओर से निर्धारित पात्रता के अनुसार, केवल भारतीय खाद्य निगम (FCI) के गुणवत्ता नियंत्रण संवर्ग में प्रबंधक (QC) या उससे उच्च पद से सेवानिवृत्त अधिकारी ही आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अलावा, अभ्यर्थियों के पास खाद्यान्न की गुणवत्ता जांच, मूल्यांकन, भंडारण और संरक्षण के क्षेत्र में कम से कम 15 वर्षों का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है। निर्धारित योग्यता और अनुभव की शर्तें पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही इस नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।

तीन साल के अनुबंध पर होगी नियुक्ति

गुणवत्ता नियंत्रण विशेषज्ञों की नियुक्ति शुरुआती तौर पर तीन साल के अनुबंध पर की जाएगी। कार्य प्रदर्शन और विभाग की आवश्यकता के आधार पर अनुबंध की अवधि अधिकतम दो साल तक बढ़ाई जा सकती है। नियुक्त विशेषज्ञों की जिम्मेदारी खाद्यान्न की खरीद, सुरक्षित भंडारण और PDS के तहत वितरण से संबंधित कार्यों का निरीक्षण एवं गुणवत्ता मूल्यांकन करना होगा। इसके साथ ही वे खाद्यान्न की गुणवत्ता पर निगरानी रखेंगे और निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने में भूमिका निभाएंगे।

ई-मेल, स्पीड पोस्ट या कार्यालय में जमा करें आवेदन

पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-मेल के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं। इसके अलावा, निगम के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से या स्पीड पोस्ट के जरिए भी आवेदन जमा करने का विकल्प दिया गया है। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को निगम की आधिकारिक सूचना में दिए गए निर्देशों, आवेदन के प्रारूप और जमा करने की प्रक्रिया की जांच कर लेनी चाहिए। आवेदन की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर 2026 है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook