Hot News :

गोस्सनर कॉलेज के ‘गोस्सनर टाइम्स’ के 11वें अंक का विमोचन, विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना

गोस्सनर कॉलेज के ‘गोस्सनर टाइम्स’ के 11वें अंक का विमोचन, विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना

रांची : गोस्सनर कॉलेज के मास कम्युनिकेशन एवं वीडियो प्रोडक्शन विभाग के न्यूज़लेटर ‘गोस्सनर टाइम्स’ के 11वें अंक का शनिवार को विमोचन किया गया। कार्यक्रम में प्रो. इंचार्ज प्रो. इलानी पूर्ति, डॉ. एस.के. सेनगुप्ता, प्रो. महिमा गोल्डेन बिलुंग, प्रो. संतोष कुमार और प्रो. अनुज कुमार ने संयुक्त रूप से न्यूज़लेटर का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर प्रो. इलानी पूर्ति ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि न्यूज़लेटर की डिजाइनिंग, समाचार संकलन, लेखन और संपादन जैसे महत्वपूर्ण कार्य सेमेस्टर-3 के विद्यार्थियों ने स्वयं किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां छात्रों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप से लागू करने का अवसर प्रदान करती हैं।

लक्ष्य पर फोकस रखने से मिलती है सफलता

प्रो. इलानी पूर्ति ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और लक्ष्य पर केंद्रित मेहनत सफलता की कुंजी है। उन्होंने न्यूज़लेटर निर्माण में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि आज छात्राएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।

हर छह महीने में प्रकाशित होता है न्यूज़लेटर

विभाग की प्रो. महिमा गोल्डेन बिलुंग ने बताया कि शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा प्रत्येक छह महीने में न्यूज़लेटर तैयार किया जाता है। ‘गोस्सनर टाइम्स’ का यह 11वां संस्करण है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन, संपादन, डिजाइनिंग, शोध और पत्रकारिता से जुड़ी व्यावहारिक दक्षताओं का विकास करना है।

छात्रों ने निभाई अहम जिम्मेदारियां

न्यूज़लेटर के निर्माण में संजना, अदिति प्रिया, फिरदौस, सलिल, अनीश और जीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संजना ने डिजाइनिंग और संपादन, अदिति प्रिया ने मुख्य कंटेंट लेखन, फिरदौस और जीत ने कंटेंट लेखन, सलिल ने फोटोग्राफी तथा अनीश ने शोध संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी संभाली। अपने अनुभव साझा करते हुए संजना ने कहा कि न्यूज़लेटर तैयार करने के दौरान उन्हें कई नई चीजें सीखने का अवसर मिला। डिजाइनिंग के दौरान आई चुनौतियों ने उनकी रचनात्मकता को निखारने और नए कौशल सीखने में मदद की। कार्यक्रम में सुनीला सोरेंग, हर्ष सहित विभाग के अन्य शिक्षक, सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook