रांची: हॉकी झारखंड के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। हॉकी इंडिया ने महिला यूथ हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय महिला और पुरुष टीमों की घोषणा कर दी है। घोषित टीमों में झारखंड के कुल छह खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें महिला वर्ग की पांच और पुरुष वर्ग का एक खिलाड़ी शामिल है।
महिला टीम में झारखंड की पांच खिलाड़ियों को मौका
हॉकी इंडिया द्वारा घोषित 10 सदस्यीय भारतीय महिला टीम में झारखंड की पांच खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी, खिल्ली कुमारी और नीलम टोपनो शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी मध्य प्रदेश के भोपाल में 4 से 18 जुलाई तक आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा थीं। शिविर में उनके प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीम का चयन किया गया।
पुरुष टीम में आशीष तनी पूर्ति का चयन
पुरुष वर्ग की 10 सदस्यीय भारतीय टीम में झारखंड के आशीष तनी पूर्ति को जगह मिली है। पुरुष टीम के खिलाड़ियों का चयन चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के प्रदर्शन के आधार पर किया गया। महिला और पुरुष दोनों वर्गों की यूथ हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप 20 से 25 जुलाई 2026 तक मस्कट (ओमान) में आयोजित की जाएगी। भारतीय टीम इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।
झारखंड में हॉकी के बढ़ते प्रभाव का प्रमाण
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय टीम में झारखंड के छह खिलाड़ियों का चयन राज्य में हॉकी के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार, खेल विभाग और हॉकी झारखंड द्वारा जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।
महिला हॉकी में झारखंड का दबदबा कायम
झारखंड की महिला हॉकी खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। वर्तमान में जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम यूनाइटेड किंगडम के एक्सपोजर दौरे पर है, जिसमें झारखंड की चार खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं हाल ही में घोषित एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला टीम में भी झारखंड की चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। इस तरह सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीमों में झारखंड की कुल 13 खिलाड़ी शामिल हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है और महिला हॉकी में झारखंड की मजबूत पहचान को दर्शाता है।
चयनित खिलाड़ी
महिला वर्ग:
- संदीपा कुमारी
- पुष्पा मांझी
- श्रुति कुमारी
- खिल्ली कुमारी
- नीलम टोपनो
पुरुष वर्ग:
- आशीष तनी पूर्ति
झारखंड के खेल प्रेमियों और हॉकी समुदाय ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं और एशियन चैंपियनशिप में उनके शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।




