रांची : झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने 6101 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 04/2026 जारी किया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 18 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के तहत इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 1909 पद और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 4192 पद शामिल हैं। स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के पद भाषा, गणित-विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों के लिए हैं।
JTET या CTET पास होना जरूरी
भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों के पास संबंधित शैक्षणिक योग्यता के साथ JTET या CTET उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कक्षा 1 से 5 के पदों के लिए इंटरमीडिएट के साथ डीएलएड या समकक्ष डिप्लोमा और प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा पास होना जरूरी है। वहीं, कक्षा 6 से 8 के पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक डिग्री, बीएड और उच्च प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
आवेदन शुल्क और आयु सीमा
सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये, जबकि एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 50 रुपये निर्धारित किया गया है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन की जरूरी तारीखें
अभ्यर्थी 18 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। आवेदन के बाद 22 अक्टूबर 2026 तक फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने का मौका रहेगा। वहीं, आवेदन फॉर्म में गलती सुधारने के लिए 23 और 24 अक्टूबर 2026 को करेक्शन विंडो खुली रहेगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन और अपनी पात्रता से जुड़ी सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ लें।




