रांची : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा 11 अक्टूबर को कराने का प्रस्ताव है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा से लेकर रिजल्ट जारी करने तक की प्रस्तावित टाइमलाइन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को भेज दी है। परीक्षा की आधिकारिक तारीख की घोषणा जल्द होने की संभावना है।
इस बार करीब 4.40 लाख अभ्यर्थियों ने JTET के लिए आवेदन किया है। परीक्षा का आयोजन राज्य के सभी जिलों में कराया जाएगा।
दो पालियों में होगी JTET
JTET में कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए अलग-अलग पात्रता परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा एक ही दिन दो पालियों में होगी। पहली पाली में कक्षा 1 से 5 और दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों ने दोनों स्तरों के लिए आवेदन किया है, उन्हें दोनों पालियों में शामिल होना होगा। सितंबर के अंतिम सप्ताह से एडमिट कार्डJAC की प्रस्तावित टाइमलाइन के अनुसार सितंबर के अंतिम सप्ताह से एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अभ्यर्थी JAC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, परीक्षा की पाली और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी दी जाएगी।
नवंबर में आंसर की, दिसंबर में रिजल्ट
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक JTET के आयोजन के बाद नवंबर में उत्तर कुंजी जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया जाएगा। आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की जाएगी। इसके बाद दिसंबर में JTET का रिजल्ट जारी करने की तैयारी है।
2016 के बाद JTET का इंतजार
झारखंड में पिछली शिक्षक पात्रता परीक्षा 2016 में आयोजित हुई थी। इसके बाद लंबे समय से अभ्यर्थी अगली JTET का इंतजार कर रहे हैं। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमित रूप से आयोजित किए जाने का प्रावधान है। झारखंड में वर्ष 2011 से RTE Act लागू होने के बावजूद अब तक शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन सीमित संख्या में ही हुआ है।
इस बार बड़ी संख्या में आवेदन होने के कारण परीक्षा के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर JAC और शिक्षा विभाग की तैयारियां महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।




