रांची : इक्फाई विश्वविद्यालय, झारखंड का 7वां दीक्षांत समारोह गुरुवार, 26 नवंबर को रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के विजिटर संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं और शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को स्वर्ण एवं रजत पदकों से सम्मानित किया।
365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मिली डिग्री
दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 10 पीएचडी शोधार्थी, 47 एमबीए, 16 बीबीए, 13 बीबीए (बिजनेस एनालिटिक्स), 21 बीटेक, 77 बीसीए, 35 डिप्लोमा इन टेक्नोलॉजी, 40 एलएलएम, 85 एलएलबी और 21 बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) के विद्यार्थी शामिल रहे।
वहीं, विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 12 गोल्ड मेडल और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 11 सिल्वर मेडल दिए गए। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने हाथों से सभी मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए।
विद्यार्थियों को रोजगार सृजक बनने का संदेश
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टी.आर.के. राव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि मौजूदा तकनीकी दौर में ज्ञान, कौशल, नवाचार और उद्यमशीलता का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने ज्ञान और कौशल के जरिए दूसरों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करने चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार, नैतिक और संवेदनशील नागरिक बनने की अपील की। साथ ही जीवन में निरंतर सीखने और उत्कृष्टता हासिल करने की दिशा में प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल बोले- डिग्री मिलना नए जीवन की शुरुआत
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं है, बल्कि जीवन के एक नए चरण की शुरुआत है। इस चरण में जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता और समाज के प्रति योगदान का विशेष महत्व होता है। उन्होंने झारखंड सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और शैक्षणिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के जरिए अपना भविष्य मजबूत बनाना चाहिए। उन्हें व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की प्रतिभा, सकारात्मक सोच और नवाचार विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कुलपति ने पेश की शैक्षणिक सत्र 2025-26 की रिपोर्ट
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत विकास से जुड़ी प्रगति की जानकारी दी गई। इस अवसर पर डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की शपथ भी ली। उन्होंने नैतिक आचरण, व्यावसायिक निष्ठा, सभी के प्रति सम्मान, गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कई विश्वविद्यालयों के कुलपति भी रहे मौजूद
दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति डॉ. टी.आर.के. राव, कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। इनके अलावा झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सारंग मेधेकर और सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) जगन्नाथन चोकलिंगम सहित कई गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के साथ उनके व्यावसायिक और व्यक्तिगत जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक रहा। इक्फाई विश्वविद्यालय ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों से युक्त पेशेवर तैयार करने के अपने उद्देश्य के अनुरूप शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।




