Hot News :

शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट: चौथे दिन तीन क्वार्टर फाइनल, जय मसीह, एसके ब्रदर्स और सुपर किंग लोयो सेमीफाइनल में

शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट: चौथे दिन तीन क्वार्टर फाइनल, जय मसीह, एसके ब्रदर्स और सुपर किंग लोयो सेमीफाइनल में

रांची : मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा खेल मैदान में चल रहे शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के चौथे दिन शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल के तीन मुकाबले खेले गए। रोमांचक मुकाबलों में जय मसीह गिरजाटोली लोयो, एसके ब्रदर्स और सुपर किंग लोयो ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।

जय मसीह और सुपर किंग लोयो की शानदार जीत

दिन के पहले क्वार्टर फाइनल में जय मसीह गिरजाटोली लोयो का सामना संत जेवियर इंटर कॉलेज मांडर से हुआ। जय मसीह की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 2-0 गोल से अपने नाम किया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में एनएफसी पोखर टोली और एसके ब्रदर्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद विजेता का फैसला टाईब्रेकर से किया गया। टाईब्रेकर में एसके ब्रदर्स ने 5-4 गोल से रोमांचक जीत दर्ज कर अंतिम चार में स्थान बनाया। तीसरे क्वार्टर फाइनल में सुपर किंग लोयो ने नव युवक संघ कंजिया को कड़े मुकाबले में 1-0 गोल से हराया। इस जीत के साथ सुपर किंग लोयो भी सेमीफाइनल में पहुंच गई।

लॉटरी से एक टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी

टूर्नामेंट में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के मौजूदा प्रारूप के तहत तीन टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। इनमें सुपर किंग लोयो, जय मसीह गिरजाटोली लोयो और एसके ब्रदर्स शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार, 5 सितंबर को लॉटरी के माध्यम से इन तीन टीमों में से एक टीम का चयन किया जाएगा, जिसे सीधे फाइनल में प्रवेश मिलेगा। इसके बाद बची हुई दो टीमें आपस में सेमीफाइनल मुकाबला खेलेंगी। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। इस तरह टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को लेकर दर्शकों में भी खासा उत्साह बना हुआ है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook