Hot News :

मोराबादी में 13 सितंबर से फुटबॉल का घमासान, चैलेंजर ट्रॉफी में दिखेगा रोमांच

मोराबादी में 13 सितंबर से फुटबॉल का घमासान, चैलेंजर ट्रॉफी में दिखेगा रोमांच

रांची : राजधानी रांची के मोराबादी क्रीड़ा केंद्र में 13 सितंबर से फुटबॉल का रोमांच देखने को मिलेगा। पिछले 31 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन इस वर्ष 13 से 20 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर रांची और आसपास के इलाकों के फुटबॉल प्रेमियों, खिलाड़ियों और क्लबों में उत्साह है।

आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष भी कई प्रमुख फुटबॉल क्लबों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की सहमति दी है। ऐसे में खिताबी मुकाबलों में कड़ा और रोमांचक संघर्ष देखने को मिलने की उम्मीद है।

फुटबॉल प्रेमियों को पूरे साल रहता है इंतजार

टूर्नामेंट के संयोजक अधिवक्ता, भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. प्रणव कुमार बब्बू ने बताया कि मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी की पहचान केवल रांची तक सीमित नहीं है। राजधानी से सटे जिलों में भी इस प्रतियोगिता की लोकप्रियता काफी अधिक है।

उन्होंने कहा कि फुटबॉल खिलाड़ी, क्लब और खेल प्रेमी पूरे साल इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का इंतजार करते हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देने का भी प्रयास किया जाता है।

रांची रिवोल्ट जन मंच और लक्ष्य डिफेंस अकादमी भी जुड़े

डॉ. बब्बू के मुताबिक, रांची रिवोल्ट जन मंच और लक्ष्य डिफेंस अकादमी से जुड़े सदस्य भी टूर्नामेंट के आयोजन में सक्रिय सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए फुटबॉल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उनके अनुसार, फुटबॉल युवाओं को प्रेरित करने के साथ-साथ लोगों के लिए मनोरंजन का भी प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से प्रतियोगिता को व्यवस्थित और बेहतर तरीके से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

विजेता को 71 हजार, उपविजेता को 51 हजार रुपये

मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी के इस संस्करण में विजेता टीम को 71 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर समेत कई अन्य श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और फुटबॉल को लेकर नई पीढ़ी में उत्साह बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook