रांची: झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सहायक आचार्य (Assistant Teacher) के कुल 7,299 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों पर नियमित और बैकलॉग दोनों श्रेणियों में भर्ती की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 1 सितंबर 2026 तक परीक्षा शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने की अंतिम तिथि भी 1 सितंबर निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र का प्रिंटआउट 3 सितंबर तक लिया जा सकेगा, जबकि आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 5 से 7 सितंबर 2026 तक का समय दिया जाएगा।
पहली से आठवीं कक्षा तक के लिए होगी नियुक्ति
भर्ती अभियान के तहत पहली से पांचवीं कक्षा तक के लिए इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य के कुल 2,756 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 1,909 पद नियमित और 847 पद बैकलॉग श्रेणी के हैं। वहीं, छठी से आठवीं कक्षा तक के लिए स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के कुल 4,543 पदों पर भर्ती होगी। भाषा विषय में 1,868 नियमित और 19 बैकलॉग पद, सामाजिक विज्ञान विषय में 660 नियमित और 248 बैकलॉग पद तथा विज्ञान-गणित विषय में 1,664 नियमित और 84 बैकलॉग पद शामिल हैं।सहायक आचार्य के कुल पदों में 50 प्रतिशत पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि विशेष परीक्षा आयोजित कर पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए। इसी के तहत यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
क्या है पात्रता?
नियमित और बैकलॉग दोनों श्रेणियों की नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करनी होगी। इसके साथ ही संबंधित कक्षाओं के लिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। हालांकि, केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) या अन्य राज्यों की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी इस प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन शुरू : 31 जुलाई 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि : 30 अगस्त 2026
- परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि : 1 सितंबर 2026
- फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड : 1 सितंबर 2026 तक
- आवेदन प्रिंटआउट : 3 सितंबर 2026 तक
- त्रुटि सुधार अवधि : 5 से 7 सितंबर 2026
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राज्य के सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े शिक्षक पदों को भरने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।




