रांची : दुमका में आयोजित 17वीं झारखंड राज्य जूनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप में बोकारो के युवा तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। वेदांता ESL आर्चरी अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता 2 से 4 अक्टूबर तक करमदाधानी स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आर्चरी अकादमी में आयोजित की गई।
बोकारो के कुलदीप महतो प्रतियोगिता के सबसे सफल खिलाड़ियों में रहे। उन्होंने जूनियर इंडियन राउंड पुरुष व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड में स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में कुलदीप ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 7-3 से हराकर राज्य चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
2×30 मीटर स्पर्धा में कुलदीप ने जीता रजत
कुलदीप ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी दमदार प्रदर्शन किया। 2×30 मीटर स्पर्धा में 667 अंक हासिल कर उन्होंने रजत पदक जीता। इस तरह कुलदीप ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया।
वहीं, जूनियर इंडियन राउंड पुरुष टीम स्पर्धा में बोकारो की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। टीम ने मुकाबला 6-2 से जीतकर पोडियम पर जगह बनाई। कांस्य पदक जीतने वाली टीम में कुलदीप महतो के अलावा राहुल महतो और संदीप महतो शामिल रहे।
युवा तीरंदाजों की उपलब्धि पर जताई खुशी
ESL Steel Limited के CEO एवं Whole-Time Director रवीश शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि युवा तीरंदाजों की मेहनत और अनुशासन का यह परिणाम है। कंपनी स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। चैंपियनशिप में बोकारो के खिलाड़ियों के प्रदर्शन से स्थानीय खेल जगत में भी उत्साह का माहौल है।




