रांची : झारखंड में NEET UG 2026 के तहत MBBS और BDS पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए पहले चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है। इस बीच झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) के निर्देश पर संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। नए शेड्यूल के अनुसार अभ्यर्थी अब 25 अगस्त तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग और विकल्पों में संशोधन कर सकेंगे।
जिन उम्मीदवारों ने अभी तक काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके लिए आवेदन का यह अंतिम अवसर है। निर्धारित तिथि के बाद पहले राउंड में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा।
MCC के निर्देश पर बदला गया शेड्यूल
पहले रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथियां अलग-अलग निर्धारित थीं, लेकिन MCC के निर्देश के बाद JCECEB ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए दोनों प्रक्रियाओं की अंतिम तिथि 25 अगस्त कर दी है। अभ्यर्थी इसी दिन तक अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन करने के साथ-साथ पहले से भरे गए विकल्पों में बदलाव भी कर सकते हैं।
27 अगस्त से शुरू होगी सीट आवंटन प्रक्रिया
काउंसलिंग के पहले राउंड के तहत 27 अगस्त से 5 सितंबर तक सीट आवंटन (Seat Allotment) किया जाएगा। इस अवधि में उम्मीदवार अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं, दस्तावेज सत्यापन और संबंधित कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया 28 अगस्त से 5 सितंबर तक चलेगी। सीट मिलने वाले अभ्यर्थियों को तय समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
इन मेडिकल कॉलेजों की AIQ सीटों पर भी लागू होगा शेड्यूल
राज्य कोटा सीटों के अलावा कुछ निजी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की ऑल इंडिया कोटा (AIQ) सीटों पर भी यही काउंसलिंग कार्यक्रम लागू होगा। इनमें शामिल हैं—
- लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पलामू
- नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, सरायकेला-खरसावां
- सिद्धो कान्हू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, दुमका
- बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, खूंटी
- वनांचल डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, गढ़वा
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए RIMS जारी करेगा प्रमाण पत्र
शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS, BDS और BHMS में प्रवेश के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की जिम्मेदारी रांची स्थित RIMS को सौंपी गई है। वहीं, BHMS सीटों का विवरण अभी स्वास्थ्य विभाग से JCECEB को प्राप्त नहीं हुआ है। सीटों की जानकारी मिलने के बाद राज्य मेरिट सूची के आधार पर BHMS सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अगले राउंड का शेड्यूल बाद में होगा जारी
JCECEB ने बताया है कि दूसरे, तीसरे और स्ट्रे वैकेंसी राउंड की तिथियां MCC के अगले निर्देश मिलने के बाद घोषित की जाएंगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे 25 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया हर हाल में पूरी कर लें, ताकि पहले राउंड की काउंसलिंग में शामिल हो सकें।




