रांची : न्यायिक क्षेत्र में काम करने और जनसेवा से जुड़े योग्य उम्मीदवारों के लिए रांची सिविल कोर्ट में भर्ती का मौका है। जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण (DLSA), रांची ने स्थायी लोक अदालत में सदस्य के एक रिक्त पद पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 18 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
जन उपयोगी सेवाओं का अनुभव रखने वाले कर सकते हैं आवेदन
स्थायी लोक अदालत के सदस्य पद के लिए ऐसे उम्मीदवार पात्र हैं, जिन्हें जन उपयोगी सेवाओं से जुड़े क्षेत्र में पर्याप्त व्यावहारिक अनुभव हो। इसमें परिवहन, डाक, टेलीफोन, बिजली, पानी, सफाई, अस्पताल, बैंकिंग, शिक्षा, हाउसिंग और रियल एस्टेट जैसी सेवाएं शामिल हैं। उम्मीदवारों को निर्धारित योग्यता और अनुभव से संबंधित शर्तों को पूरा करना होगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में दी गई है।
हर बैठक पर मिलेगा 2,500 रुपये मानदेय
चयनित सदस्य को प्रत्येक बैठक में शामिल होने के लिए 2,500 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा नियमानुसार वाहन भत्ता भी मिलेगा।
नियुक्ति की अवधि 5 वर्ष या 65 वर्ष की आयु, जो भी पहले हो, तक रहेगी।
इस पते पर भेजना होगा आवेदन
योग्य उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर डाक या कूरियर के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन के साथ हालिया पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और 55-55 रुपये के डाक टिकट लगे दो स्व-पता लिखे लिफाफे भी लगाना अनिवार्य है।
आवेदन इस पते पर भेजना होगा:
- अध्यक्ष, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण, व्यवहार न्यायालय, रांची – 834001
आवेदन पत्र 18 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक संबंधित कार्यालय में पहुंच जाना चाहिए।
कहां से डाउनलोड करें आवेदन फॉर्म?
भर्ती का आवेदन फॉर्म और विस्तृत विज्ञापन रांची सिविल कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट ranchi.dcourts.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा उम्मीदवार DLSA रांची के फ्रंट ऑफिस से भी आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
भर्ती से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी के लिए आधिकारिक ईमेल dlsaranchi@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।




