रांची : मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल में शनिवार को 17वां वार्षिक खेलकूद दिवस उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट, बैंड डिस्प्ले, सामूहिक ड्रिल और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीमवर्क को बढ़ावा देना रहा।
कॉमनवेल्थ गेम्स के रजत पदक विजेता ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय लॉन बाउल्स खिलाड़ी दिनेश कुमार ने विद्यालय का ध्वजारोहण कर खेलकूद दिवस का शुभारंभ किया। वह कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीत चुके हैं और विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर रह चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए जीवन में खेल को अपनाने और अनुशासन, टीमवर्क व खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्या रेखा नायडू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जिस भी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उसमें पूरी मेहनत और समर्पण के साथ प्रयास करें। निरंतर परिश्रम और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है।
दौड़, रिले रेस और वुशु का हुआ प्रदर्शन
खेलकूद दिवस पर नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें हेयर बैंड, टेडी हग, एक्सरसाइज रेस के साथ 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ तथा रिले रेस शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने आत्मरक्षा कौशल का प्रदर्शन करते हुए चीनी मार्शल आर्ट वुशु की आकर्षक प्रस्तुति भी दी। सामूहिक ड्रिल के माध्यम से एकता, अनुशासन और टीम भावना का संदेश दिया गया। अभिभावकों और सहायक कर्मचारियों के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन मनरखन महतो, ट्रस्टी वीरेंद्रनाथ ओहदार, खुशबू सिंह, कृति काजल, निदेशक मनोज कुमार महतो, प्रबंधक मुकेश कुमार, एडमिनिस्ट्रेटर मीना कुमारी, कानूनी सलाहकार ए. के. शुक्ला, मनरखन महतो बीएड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दुधेश्वर महतो और मनरखन महतो नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य प्रो. चितरावली भी सहित अन्य गणमान्य अतिथि और शिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक सहयोग के महत्व का संदेश दिया।




