रांची : झारखंड में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 306 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग और NHM के तहत होगी भर्ती
इस भर्ती में दो श्रेणियों के पद शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पद भरे जाएंगे।
इन पदों के लिए एनेस्थीसिया, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग, शिशु रोग, त्वचा रोग, ईएनटी, रेडियोलॉजी, जनरल मेडिसिन, मनोरोग और सर्जरी समेत विभिन्न विशेषज्ञताओं के डॉक्टर आवेदन कर सकेंगे। कुछ पदों पर पैथोलॉजी और फॉरेंसिक साइंस के विशेषज्ञों की भी नियुक्ति होगी।
आवेदन के लिए क्या है योग्यता?
अभ्यर्थी के पास MBBS की डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित विशेषज्ञता में मान्यता प्राप्त संस्थान से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। अभ्यर्थी का संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी जरूरी है। दोनों श्रेणियों के पदों के लिए आयु सीमा 23 से 64 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 31 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
अनुबंध के आधार पर होगी नियुक्ति
स्वास्थ्य विभाग के 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति अनुबंध के आधार पर होगी। वहीं NHM के तहत 106 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए की जाएगी। चयनित डॉक्टरों की तैनाती संबंधित भर्ती विज्ञापन में निर्धारित स्थानों के अनुसार की जाएगी।
कहां और कब तक करें आवेदन?
इच्छुक अभ्यर्थी झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी (JRHMS) की वेबसाइट और भर्ती पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- आवेदन शुरू: 8 अक्टूबर 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि: 31 अक्टूबर 2026
- अंतिम समय: रात 11:59 बजे
- कुल पद: 306
- स्वास्थ्य विभाग: 200 पद
- NHM: 106 पद
आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को संबंधित भर्ती विज्ञापन में पदवार योग्यता, विशेषज्ञता, शर्तों और अन्य विवरणों की जांच कर लेना चाहिए।




