रांची : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड की गुलकेड़ा पंचायत स्थित गुड़ासाई मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार शाम समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में काला पत्थर FC ने मुरसाई FC को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 45 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 30 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
काला पत्थर FC ने जीता फाइनल मुकाबला
दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में काला पत्थर FC और मुरसाई FC के बीच खिताब के लिए मुकाबला हुआ। इसमें काला पत्थर FC ने जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में समाजसेवी सह भाजपा नेता डॉ. विजय सिंह गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, गुलकेड़ा पंचायत की मुखिया लक्ष्मी केराई, समाजसेवी एवं पूर्व सैनिक दयासागर केराई और पूर्व जिला परिषद सदस्य रतन बोदरा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने फाइनल मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल में किक मारकर मैच का शुभारंभ किया।
खेल से युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास
समारोह के दौरान डॉ. विजय सिंह गागराई ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। फुटबॉल जैसे खेलों से अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की भावना खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद करती है। उन्होंने युवाओं से नशे और गलत संगति से दूर रहकर खेल के माध्यम से अपना भविष्य संवारने की अपील भी की।
आयोजन समिति की सराहना, ग्रामीणों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
डॉ. गागराई ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता के दौरान आसपास के गांवों से पहुंचे खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। समापन समारोह में बबलू जामुदा, रूइदास मुंडा, चंद्रो जामुदा, कानू राम मुंडा, हरीश बांकिरा, टाकलू जामुदा, सूरज खण्डाईट, सोनाराम कोंडकेल, मरकुश गागराई, वीरसिंह हांसदा, कुशल गागराई, रामराई सामड और कांडे पाडेया समेत आयोजन समिति के सदस्य एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।




