रांची : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (JCECEB) ने NEET (PG)-2026 के आधार पर राज्य के मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री, डिप्लोमा और DNB पाठ्यक्रमों में नामांकन को लेकर महत्वपूर्ण गाइडलाइन जारी की है। परिषद राज्य मेधा सूची तैयार करने के साथ ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करेगी।
JCECEB ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन से पहले सभी जरूरी प्रमाण पत्र तैयार और अपडेट रखें, ताकि काउंसलिंग के दौरान दस्तावेजों की कमी के कारण परेशानी न हो।
स्थानीय निवासी और श्रेणी प्रमाण पत्र जरूरी
JCECEB के दिशा-निर्देश के अनुसार, झारखंड की स्थानीय निवासी श्रेणी का दावा करने वाले अभ्यर्थियों को वैध स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा ST, SC, BC-I (NCL), BC-II (NCL) और EWS श्रेणी के प्रमाण पत्र झारखंड के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) या उससे ऊपर के सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किए गए होने चाहिए। काउंसलिंग के समय अभ्यर्थियों को वैध और अपडेटेड प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
PwD अभ्यर्थियों के लिए RIMS का प्रमाण पत्र मान्य
दिव्यांग यानी PwD कोटे के तहत नामांकन का दावा करने वाले अभ्यर्थियों के लिए केवल RIMS, रांची द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र मान्य होगा। वहीं, इन-सर्विस कोटे के अभ्यर्थियों को संबंधित सिविल सर्जन द्वारा जारी प्रमाण पत्र जमा करना होगा।
मूल आवेदन से अलग श्रेणी भरने पर नहीं मिलेगा लाभ
परिषद ने श्रेणी से जुड़े नियम को भी स्पष्ट किया है। यदि कोई अभ्यर्थी राज्य मेधा सूची के आवेदन में NEET (PG)-2026 के मूल आवेदन पत्र से अलग श्रेणी दर्ज करता है, तो उसे अनारक्षित (Unreserved) श्रेणी में माना जाएगा।वहीं, केंद्र और राज्य की जाति सूची में अंतर होने पर अभ्यर्थी को अपना मूल जाति प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा। इसके आधार पर ही संबंधित श्रेणी के दावे पर विचार किया जाएगा।
OBC अभ्यर्थियों को BC-I या BC-II का विकल्प
NEET (PG)-2026 में OBC श्रेणी के अभ्यर्थियों को झारखंड की आरक्षण व्यवस्था के अनुसार BC-I या BC-II का विकल्प चुनने की सुविधा दी जाएगी। परिषद दस्तावेज सत्यापन और राज्य मेधा सूची तैयार करने के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से जमा किए गए प्रमाण पत्रों की जांच करेगी। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले अपने सभी दस्तावेजों की वैधता और विवरण की अच्छी तरह जांच कर लें।




