Hot News :

ICSE-ISC बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइमटेबल जारी, 15 फरवरी से शुरू होगी 10वीं की परीक्षा; 9 फरवरी से होंगे 12वीं के एग्जाम

ICSE-ISC बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइमटेबल जारी, 15 फरवरी से शुरू होगी 10वीं की परीक्षा; 9 फरवरी से होंगे 12वीं के एग्जाम

रांची : काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने वर्ष 2027 की ICSE (कक्षा 10वीं) और ISC (कक्षा 12वीं) बोर्ड परीक्षाओं का टाइमटेबल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च 2027 तक चलेंगी। वहीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी।

इस बार दोनों बोर्ड परीक्षाओं में कुल 3,79,980 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षाओं का आयोजन भारत और विदेशों में बनाए गए कुल 2,835 केंद्रों पर किया जाएगा।

10वीं में 2.70 लाख और 12वीं में 1.10 लाख से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल

CISCE के आंकड़ों के अनुसार, ICSE कक्षा 10वीं की परीक्षा में 3,106 संबद्ध स्कूलों के करीब 2.70 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा कुल 76 विषयों में आयोजित की जाएगी। वहीं, ISC कक्षा 12वीं की परीक्षा में 1,651 संबद्ध स्कूलों के 1.10 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। 12वीं की परीक्षा कुल 60 विषयों में आयोजित की जाएगी।

ICSE और ISC परीक्षा की महत्वपूर्ण तारीखें

बोर्ड की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं की तारीखें इस प्रकार हैं:

  • ICSE 10वीं की परीक्षा शुरू: 15 फरवरी 2027
  • ICSE 10वीं की परीक्षा समाप्त: 31 मार्च 2027
  • ISC 12वीं की परीक्षा शुरू: 9 फरवरी 2027
  • ISC 12वीं की परीक्षा समाप्त: 8 अप्रैल 2027

अधिकांश विषयों की परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से आयोजित की जाएंगी।

2,835 केंद्रों पर होगी बोर्ड परीक्षा

CISCE की ओर से भारत और विदेशों में कुल 2,835 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं को लेकर जारी टाइमटेबल के बाद विद्यार्थियों को अपनी तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे विषयवार परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी की रणनीति बनाएं और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook