Hot News :

IND vs AUS U-19 सीरीज के लिए रांची के ईशान ओम का चयन, झारखंड में खुशी की लहर

IND vs AUS U-19 सीरीज के लिए रांची के ईशान ओम का चयन, झारखंड में खुशी की लहर

रांची : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सितंबर में होने वाली अंडर-19 सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। 15 सदस्यीय भारतीय दल में रांची के युवा क्रिकेटर ईशान ओम को भी जगह मिली है। उनका चयन दो मैचों की मल्टी-डे सीरीज के लिए किया गया है।

रांची के रातू रोड निवासी ईशान ओम एक प्रतिभाशाली बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। फिलहाल वह तमिलनाडु में प्रशिक्षण ले रहे हैं और लगातार अपने खेल को निखारने में जुटे हैं। भारतीय अंडर-19 टीम में चयन के बाद झारखंड क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है।

मेहनत और प्रदर्शन का मिला इनाम

ईशान ओम लंबे समय से अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। उनकी लगातार मेहनत और बेहतर खेल का ही परिणाम है कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। 18 सितंबर से शुरू होने वाली इस सीरीज में भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमें तीन वनडे और दो मल्टी-डे मुकाबले खेलेंगी। ईशान का चयन मल्टी-डे प्रारूप के लिए किया गया है, जहां उनसे हरफनमौला प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

रांची जिला क्रिकेट संघ ने जताया गर्व

ईशान ओम के चयन पर रांची जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और सदस्यों ने खुशी व्यक्त की है। संघ के कार्यकारी सचिव शंभु शरण सिन्हा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि रांची और झारखंड के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ईशान ने अपनी प्रतिभा और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है। उन्हें उम्मीद है कि ईशान राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा

ईशान ओम का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन झारखंड क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राज्य के उभरते क्रिकेटरों को भी आगे बढ़ने और राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने की प्रेरणा मिलेगी। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि ईशान आगामी मुकाबलों में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित करेंगे।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook