हजारीबाग : झारखंड में क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। हजारीबाग में 20 नवंबर से मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आयोजन होने जा रहा है। 25 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य के सात नगर निगमों की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले संजय सिंह स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का आयोजन शहर को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
मेयर अरविंद राणा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में धनबाद, गिरिडीह, रांची, हजारीबाग, देवघर, मानगो और आदित्यपुर की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा एचडीसीए के माध्यम से हजारीबाग प्रशासन की टीम भी मैदान में उतरेगी। इस टीम की कप्तानी जिले के उपायुक्त करेंगे। सभी टीमें अलग-अलग नगर निगमों के महापौरों के नाम पर खेलेंगी।
डे-नाइट मुकाबलों में होगा क्रिकेट का रोमांच, 25 नवंबर को फाइनल
मेयर अरविंद राणा के अनुसार, टूर्नामेंट के सभी मैच 20-20 ओवर के होंगे और लीग प्रारूप में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में डे-नाइट मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा। दिन के मैच दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक होंगे, जबकि रात्रि के मुकाबले शाम 7 बजे से शुरू होंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 नवंबर को खेला जाएगा।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब के साथ स्कूटी दी जाएगी।
उद्घाटन से पहले प्रशासन और पत्रकारों के बीच होगा मैत्री मैच
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह से पहले 19 नवंबर को प्रशासन और पत्रकारों की टीम के बीच मैत्री क्रिकेट मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य खेल भावना, आपसी सौहार्द और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
मेयर अरविंद राणा ने बताया कि यह प्रतियोगिता दिवंगत संजय सिंह की स्मृति में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ खेलों को बढ़ावा देना भी जरूरी है। इस तरह के आयोजनों से अलग-अलग नगर निगम क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का साझा मंच मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि देश में इस तरह का मेयर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट संभवतः पहली बार आयोजित किया जा रहा है।
संजय सिंह स्टेडियम को तैयार करने में सांसद के योगदान की सराहना
मेयर ने संजय सिंह स्टेडियम को राज्यस्तरीय क्रिकेट मुकाबलों के लिए तैयार कराने में सांसद मनीष जायसवाल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सांसद के सहयोग से स्टेडियम इस स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार हो सका है।
इसके साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट के संयोजक कुणाल कुमार उर्फ हैप्पी और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार जताया। मेयर के मुताबिक, इस प्रतियोगिता के माध्यम से हजारीबाग में खेल संस्कृति को मजबूत करने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।




