पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत सीतपहाड़ी में मजदूर एकता क्लब की ओर से तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडू दिलीप ने फीता काटकर किया।
प्रतियोगिता शुरू होते ही मैदान में फुटबॉल का रोमांच देखने को मिला। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और खेल प्रेमी मौजूद रहे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने उत्साह दिखाया।
5 नवंबर को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला
आयोजक सह अध्यक्ष और मुखिया वकील मरांडी ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 5 नवंबर 2026 को खेला जाएगा। टूर्नामेंट में विदेशी खिलाड़ी के शामिल होने की भी बात कही गई है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में उत्सुकता है।
सुरक्षा और चिकित्सा की विशेष व्यवस्था
आयोजकों ने प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मैदान में मेडिकल टीम के साथ बाउंसर भी तैनात किए गए हैं।
वकील मरांडी ने कहा कि इस तरह के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि और उत्साह भी बढ़ता है।




