Hot News :

हजारीबाग में आज निकलेगा खेल मशाल जुलूस, DC हेमंत सती दिखाएंगे हरी झंडी

हजारीबाग में आज निकलेगा खेल मशाल जुलूस, DC हेमंत सती दिखाएंगे हरी झंडी

हजारीबाग : जिले में पहली बार आयोजित होने वाले तीन दिवसीय खेल महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ाने के लिए 25 अगस्त को खेल मशाल जुलूस निकाला जाएगा। विभिन्न खेल संघों और सामाजिक संगठनों के लोग बैनर के साथ रैली में शामिल होंगे।

उपायुक्त हेमंत सती शाम 4 बजे बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) से हरी झंडी दिखाकर मशाल जुलूस को रवाना करेंगे। आयोजकों ने जिले के सभी खेल संघों और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में जुलूस में शामिल होने की अपील की है।

29 से 31 अगस्त तक होगा खेल महोत्सव

उपायुक्त हेमंत सती की पहल और मार्गदर्शन में हजारीबाग में पहली बार तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 29, 30 और 31 अगस्त 2026 को बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम में होगा। महोत्सव में हजारीबाग के अलावा कोडरमा, चतरा, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की व्यवस्था की जा रही है।

फुटबॉल से लेकर तीरंदाजी तक प्रतियोगिताएं

खेल महोत्सव के दौरान फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, तीरंदाजी और बैडमिंटन सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। अंतिम दिन विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। आयोजकों के मुताबिक महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना और हजारीबाग को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी करेंगे मशाल की अगुवाई

महोत्सव की तैयारियों को लेकर हजारीबाग ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा और नगर निगम के मेयर अरविंद राणा की अगुवाई में कोर कमिटी की बैठक हुई। बैठक में खेल संघों, पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार हजारीबाग ओलंपिक संघ की मशाल लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी जुलूस की अगुवाई करेंगे। रैली शहर के निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए वापस बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। इसके लिए रूट चार्ट भी तैयार किया गया है।

खेल महोत्सव को लेकर शहर में उत्साह

पहली बार आयोजित हो रहे इस खेल महोत्सव को लेकर खिलाड़ियों और खेल संगठनों में उत्साह है। प्रशासन और आयोजकों का लक्ष्य इस आयोजन को बड़े स्तर पर सफल बनाना और हजारीबाग समेत पूरे प्रमंडल की खेल प्रतिभाओं को एक मंच उपलब्ध कराना है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook