रांची : झारखंड में वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी कर रहे करीब आठ लाख विद्यार्थियों की चिंता बढ़ सकती है। फरवरी में प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाओं और जनगणना के कार्यक्रम के बीच टकराव की आशंका को देखते हुए परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं फरवरी के बजाय मार्च में आयोजित करने का विकल्प सामने आ रहा है। हालांकि, झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से अब तक परीक्षा की तारीखों में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
केंद्र सरकार की अधिसूचना के अनुसार, झारखंड समेत अधिकांश राज्यों में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद 1 से 5 मार्च तक पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। वहीं, झारखंड में मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू कराने का प्रस्ताव तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों कार्यक्रम एक ही समय पर होने से परीक्षा संचालन में परेशानी आ सकती है।
शिक्षकों की दोहरी ड्यूटी से बढ़ सकती है परेशानी
परीक्षा की तारीखों में बदलाव की एक बड़ी वजह शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों की उपलब्धता मानी जा रही है। जनगणना के दौरान सरकारी शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई जाती है। दूसरी ओर, बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए वीक्षण, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था और उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में बड़ी संख्या में शिक्षकों की जरूरत होती है।
ऐसे में यदि जनगणना और बोर्ड परीक्षाएं एक साथ आयोजित होती हैं, तो दोनों कार्यों के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता चुनौती बन सकती है। इसी वजह से परीक्षा कार्यक्रम और जनगणना की समय-सारणी के बीच तालमेल बैठाने पर विचार किया जा रहा है।
आठवीं से 12वीं तक की परीक्षाओं का कार्यक्रम भी हो सकता है प्रभावित
मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव होने पर आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षाओं का कार्यक्रम भी प्रभावित हो सकता है। इन कक्षाओं की परीक्षाएं फरवरी के अंतिम सप्ताह में आयोजित करने की योजना है। ऐसे में बोर्ड परीक्षा की तारीखों में बदलाव होने पर अन्य कक्षाओं की परीक्षा की समय-सारणी में भी फेरबदल की संभावना है।
JAC के सचिव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटर परीक्षाओं की तारीखें अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई हैं। परिषद के अनुसार, दोनों परीक्षाओं में करीब आठ लाख विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क भर सकेंगे परीक्षा फॉर्म
इस बीच मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। आवेदन की शुरुआत 12 नवंबर से हुई है। विद्यार्थी 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। वहीं, विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने की अंतिम तारीख 4 दिसंबर निर्धारित की गई है।
सामान्य अवधि में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को 30 नवंबर तक परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। जबकि विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए शुल्क भुगतान की अंतिम तारीख 7 दिसंबर है। अब विद्यार्थियों को JAC की ओर से परीक्षा की अंतिम समय-सारणी और संभावित बदलाव को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।




