रांची : रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने आइसोलेटेड कैटेगरी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 191 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 5 नवंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 4 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
रेलवे की इस भर्ती में चीफ लॉ असिस्टेंट, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर, सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर, जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी), स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर, साइंटिफिक असिस्टेंट और लैब असिस्टेंट ग्रेड-III के पद शामिल हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा की जानकारी जरूर प्राप्त कर लेनी चाहिए।
किस पद पर कितने रिक्त पद?
RRB की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सबसे अधिक 79 पद जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी) के हैं। इसके अलावा लैब असिस्टेंट ग्रेड-III के 36, स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर के 27 और पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के 21 पदों पर नियुक्ति होगी।
चीफ लॉ असिस्टेंट के 17, सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर के 8 और साइंटिफिक असिस्टेंट (ट्रेनिंग) के 3 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
पद के अनुसार निर्धारित आयु सीमा
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। चीफ लॉ असिस्टेंट के लिए न्यूनतम आयु 18 और अधिकतम 40 वर्ष रखी गई है। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर पद के लिए आयु सीमा 18 से 32 वर्ष निर्धारित है। सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर, जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी) और स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर के लिए उम्मीदवारों की उम्र 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं, साइंटिफिक असिस्टेंट (ट्रेनिंग) के लिए 18 से 35 वर्ष और लैब असिस्टेंट ग्रेड-III के लिए 18 से 30 वर्ष आयु सीमा तय की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
आवेदन और शुल्क जमा करने की महत्वपूर्ण तारीखें
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 4 दिसंबर की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 6 दिसंबर निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन फॉर्म में गलती सुधारने के लिए 7 दिसंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मौका मिलेगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार सबसे पहले रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://rrb.indianrailways.gov.in पर जाएं। वहां भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन खोलकर सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें। इसके बाद आवेदन पोर्टल https://www.rrbapply.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें। आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करें। अंत में फॉर्म सबमिट कर उसकी पीडीएफ या प्रिंट कॉपी सुरक्षित रख लें।
CBT और अन्य प्रक्रियाओं के आधार पर होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से किया जाएगा। कुछ पदों के लिए ट्रांसलेशन टेस्ट भी आयोजित किया जा सकता है। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सहित भर्ती की अन्य प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। CBT और अन्य चयन प्रक्रियाओं की तारीखें रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से बाद में जारी की जाएंगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की अंतिम तारीख तक उम्मीदवार के पास संबंधित पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का फाइनल रिजल्ट जारी नहीं हुआ है और वे केवल परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे।




