रांची : झारखंड में NEET UG 2026 के आधार पर MBBS, BDS और BHMS समेत विभिन्न मेडिकल कोर्सों में नामांकन के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने संशोधित शेड्यूल जारी करते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।
13 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन
नए कार्यक्रम के अनुसार, राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थी अब 13 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 11 अगस्त निर्धारित थी। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें फॉर्म में सुधार का अवसर भी मिलेगा। 13 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।
14 अगस्त को जारी होगी राज्य मेरिट लिस्ट
JCECEB द्वारा NEET UG 2026 के अंकों के आधार पर तैयार की गई राज्य मेरिट लिस्ट अब 14 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। मेरिट लिस्ट जारी होने के साथ ही प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। अभ्यर्थी 14 अगस्त से 19 अगस्त तक काउंसलिंग के लिए पंजीकरण कर अपने पसंदीदा कॉलेज और कोर्स का चयन कर सकेंगे।
20 अगस्त को मिलेगा च्वाइस एडिट का मौका
काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को 20 अगस्त को अपनी भरी गई च्वाइस में बदलाव करने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। सीट आवंटन के बाद उम्मीदवार 22 से 28 अगस्त के बीच अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे।
23 से 28 अगस्त तक एडमिशन प्रक्रिया
जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 23 से 28 अगस्त के बीच संबंधित मेडिकल कॉलेज या संस्थान में पहुंचकर दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। JCECEB ने स्पष्ट किया है कि 6 अगस्त को जारी अधिसूचना में केवल तिथियों में संशोधन किया गया है। प्रवेश प्रक्रिया के नियमों और पात्रता शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट के Important Notice सेक्शन पर नियमित नजर रखने की सलाह दी है।
महत्वपूर्ण तिथियां एक नजर में
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 13 अगस्त 2026 (रात 12 बजे तक)
- फॉर्म सुधार: 13 अगस्त (शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक)
- राज्य मेरिट लिस्ट जारी: 14 अगस्त 2026
- काउंसलिंग एवं च्वाइस फिलिंग: 14 से 19 अगस्त
- च्वाइस एडिट: 20 अगस्त
- सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड: 22 से 28 अगस्त
- दस्तावेज सत्यापन व एडमिशन: 23 से 28 अगस्त 2026




