रांची : कानून की पढ़ाई कर देश के प्रतिष्ठित लॉ संस्थानों में दाखिला लेने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (NLUs) ने ऑनलाइन आवेदन लिंक जारी कर दिया है। इच्छुक उम्मीदवार 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
CLAT 2027 के माध्यम से देश की 24 नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLUs) सहित 60 से अधिक लॉ कॉलेजों में स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
6 दिसंबर को होगी परीक्षा
CLAT 2027 परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन मोड में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक होगी। परीक्षा के आधार पर उम्मीदवारों का चयन विभिन्न राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों और संबद्ध संस्थानों में किया जाएगा। UG (पांच वर्षीय लॉ कोर्स) के लिए, उम्मीदवार का 12वीं पास होना आवश्यक है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। एससी, एसटी और दिव्यांग (PwD) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। 12वीं के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।
PG (LLM) कोर्स के लिए
उम्मीदवार के पास एलएलबी (LLB) की डिग्री होनी चाहिए। सामान्य, ओबीसी और एनआरआई वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। अंतिम वर्ष के एलएलबी छात्र भी आवेदन करने के पात्र हैं।
आवेदन शुल्क
CLAT 2027 के लिए आवेदन शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया गया है:
- सामान्य, ओबीसी, PwD, NRI और OCI वर्ग: ₹4,000
- SC, ST और BPL वर्ग: ₹3,500
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को निम्नलिखित दस्तावेज अपलोड करने होंगे:
- पासपोर्ट साइज फोटो
- स्कैन किया हुआ हस्ताक्षर
- जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र निर्धारित प्रारूप में
ऐसे करें आवेदन
आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण करें। लॉगिन कर आवेदन पत्र में शैक्षणिक और व्यक्तिगत जानकारी भरें। अपनी पसंद की नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का चयन करें। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें। CLAT देश की सबसे प्रतिष्ठित लॉ प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। ऐसे में कानून के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।




