Hot News :

जूनियर महिला एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया, सेमीफाइनल में पहुंची टीम

जूनियर महिला एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया, सेमीफाइनल में पहुंची टीम

रांची : भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने जूनियर महिला एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। पूरे मुकाबले में भारतीय टीम का दबदबा रहा और पाकिस्तान की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।


भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और लगातार पाकिस्तान के गोलपोस्ट पर दबाव बनाए रखा। पहले क्वार्टर में ही भारतीय टीम ने पांच गोल दागकर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

पहले क्वार्टर में भारत ने दागे 5 गोल

भारत की ओर से पूजा साहू ने सातवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद रोशनी ऐंद, तनुश्री दिनेश कडू, सुखवीर कौर और सानिका चंद्रकांत माने ने गोल किए। पहले 15 मिनट के बाद भारत ने 5-0 की बढ़त बना ली थी। दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को संभलने का कोई मौका नहीं दिया।

हाफ टाइम तक 10-0 की बढ़त

दूसरे क्वार्टर में मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने गोल किए। इसके साथ ही हाफ टाइम तक भारतीय टीम की बढ़त 10-0 हो गई। तीसरे क्वार्टर में भी भारत का आक्रमण जारी रहा। पूर्णिमा यादव, मधु सिदार और सुप्रिया ने गोल कर टीम को 13-0 की बढ़त दिला दी।

आखिरी क्वार्टर में छह गोल

अंतिम क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने छह और गोल दागकर स्कोर 19-0 कर दिया। इस दौरान कृष्णा शर्मा, पूजा मलिक ने दो गोल, जबकि सुप्रिया, बिनिमा धन और रोशनी ऐंद ने एक-एक गोल किया। पूजा मलिक ने मुकाबले में कुल तीन गोल किए। वहीं सानिका माने, मधु सिदार, सुप्रिया और रोशनी ऐंद ने दो-दो गोल अपने नाम किए।

भारत को मिले 18 पेनल्टी कॉर्नर

मुकाबले में भारतीय टीम को कुल 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला। इसके विपरीत पाकिस्तान की टीम पूरे मैच में एक भी पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक हासिल नहीं कर सकी। भारत की इस बड़ी जीत ने टीम का आत्मविश्वास और मजबूत किया है। अब टीम की नजर खिताब की ओर अगले कदम पर है।

12 सितंबर को सेमीफाइनल मुकाबला

क्वार्टर फाइनल में शानदार जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह पक्की कर ली है। 12 सितंबर को होने वाले सेमीफाइनल में भारत का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से होगा। भारतीय टीम अब इसी लय को बरकरार रखते हुए फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook