जामताड़ा : जिले के ऐतिहासिक गांधी मैदान में पिछले तीन दिनों से चल रही 20वीं झारखंड राज्य सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता का रविवार देर रात समापन हो गया। 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में कोडरमा की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि महिला वर्ग में गढ़वा की टीम चैंपियन बनी।
फाइनल में कोडरमा और गढ़वा ने मारी बाजी
रविवार देर शाम खेले गए फाइनल मुकाबलों में कोडरमा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग की ट्रॉफी जीती। पाकुड़ की टीम उपविजेता रही। वहीं महिला वर्ग में गढ़वा विजेता और कोडरमा उपविजेता रही। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। झारखंड कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन विपिन कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि राज्यभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
अहमदाबाद में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगे चयनित खिलाड़ी
आयोजन समिति के अनुसार, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अहमदाबाद में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। गढ़वा महिला टीम की खिलाड़ी मोनिका कुमारी ने कहा कि टीम की सभी खिलाड़ी मध्यमवर्गीय परिवारों से आती हैं और उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष किया है। टीम को खिताब जीतने का भरोसा था और जीत के बाद सभी खिलाड़ी बेहद खुश हैं। वहीं, कोडरमा पुरुष टीम के कप्तान बिट्टू कुमार ने बताया कि टीम पिछले दो वर्षों से लगातार मेहनत कर रही थी। टीम दो बार उपविजेता रह चुकी थी और इस बार उसने खिताब जीतने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि पूरी टीम इस जीत से बेहद उत्साहित है। जामताड़ा में आयोजित इस प्रतियोगिता ने राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में भी उत्साह देखने को मिला।




