Hot News :

रांची में फसल रक्षक के 21 पदों पर निकली भर्ती, 10वीं पास युवाओं को मौका; हर महीने मिलेगा ₹11,851 मानदेय

रांची में फसल रक्षक के 21 पदों पर निकली भर्ती, 10वीं पास युवाओं को मौका; हर महीने मिलेगा ₹11,851 मानदेय

रांची : झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रांची जिले में कृषि विभाग ने फसल रक्षक के 21 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती में 10वीं पास अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 11,851 रुपये मानदेय दिया जाएगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 14 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

कृषि विभाग के कृषि प्रभाग के कार्यालय, कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी, रांची की ओर से विज्ञापन संख्या 01/2026-27 जारी किया गया है। यह नियुक्ति अस्थायी आधार पर 11 महीने के लिए होगी। नियमित नियुक्ति होने या निर्धारित अवधि पूरी होने पर सेवा समाप्त कर दी जाएगी। इस पद पर चयनित अभ्यर्थियों को स्थायी सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलेगा।

किस वर्ग के लिए कितने पद?

रांची जिले में फसल रक्षक के कुल 21 पदों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है।

  • अनारक्षित (UR): 9 पद
  • अनुसूचित जनजाति (ST): 7 पद
  • अनुसूचित जाति (SC): 1 पद
  • अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC-I): 2 पद
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 2 पद

10वीं पास के साथ पांच दिन का प्रशिक्षण जरूरी

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से मैट्रिक पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा कृषि या उद्यान निदेशालय अथवा कृषि से संबंधित विभाग, संस्थान या ICAR संस्थान से कम से कम पांच दिनों का प्रशिक्षण प्राप्त होना चाहिए।

उम्मीदवारों के लिए स्थानीय भाषा की जानकारी होना भी जरूरी है। इसके साथ ही साइकिल चलाने और पेड़ पर चढ़ने की क्षमता भी अनिवार्य योग्यता में शामिल की गई है। इस भर्ती में केवल रांची जिले के स्थानीय निवासी ही आवेदन कर सकते हैं।

खेतों में सर्वे और कीटनाशक छिड़काव की होगी जिम्मेदारी

चयनित फसल रक्षकों को किसानों के खेतों में जाकर फसलों पर लगने वाले कीटों और बीमारियों का सर्वेक्षण करना होगा। इसके अलावा जरूरत के अनुसार कीटनाशकों का छिड़काव, किसानों को प्रशिक्षण देना और फसल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना भी उनकी जिम्मेदारी होगी। विभाग की ओर से समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य कार्य भी करने होंगे।

समेति के निदेशक रामशंकर प्रसाद सिंह के अनुसार, कई जिलों में पौधा संरक्षण से जुड़े पद लंबे समय से खाली हैं। नियमित नियुक्ति होने तक फसल सुरक्षा कार्यक्रम प्रभावित न हो, इसलिए मानदेय पर फसल रक्षकों की नियुक्ति की जा रही है।

वर्ग के अनुसार निर्धारित है अधिकतम उम्र सीमा

इस भर्ती के लिए आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी। न्यूनतम उम्र 18 वर्ष निर्धारित है। अधिकतम उम्र सीमा इस प्रकार है:

  • अनारक्षित और EWS पुरुष: 35 वर्ष
  • अत्यंत पिछड़ा वर्ग-I पुरुष: 37 वर्ष
  • अनारक्षित, EWS और अत्यंत पिछड़ा वर्ग-I महिला: 38 वर्ष
  • SC/ST पुरुष और महिला: 40 वर्ष

पूर्व सैनिकों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी।

14 नवंबर शाम 5 बजे तक करें आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन फॉर्म भरकर स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट या कार्यालय में स्वयं जाकर जमा करना होगा। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तारीख 14 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक है। आवेदन के साथ निम्न दस्तावेजों की स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां लगानी होंगी, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अंकपत्र। पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्रमाणपत्र। स्थानीय निवासी प्रमाणपत्र। पहचान पत्र। जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)। EWS प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)।

आवेदन जमा करने का पता:

कार्यालय, कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी, संयुक्त जिला कृषि भवन, कृषि भवन परिसर, कांके रोड, रांची-834008।भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और आवेदन फॉर्म रांची जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchi.nic.in और www.sameti.org पर उपलब्ध हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी आधिकारिक विज्ञापन में दी गई सभी शर्तों और दस्तावेजों की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook