Hot News :

स्टार वॉरियर्स की तीन बेटियों का जलवा, झारखंड U-16 टीम में हुआ चयन

स्टार वॉरियर्स की तीन बेटियों का जलवा, झारखंड U-16 टीम में हुआ चयन

रांची : रांची के कांके चरदी स्थित स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब की तीन होनहार खिलाड़ियों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। क्लब की राखी कुमारी, नैंसी मुंडा और आयुषी कुमारी का चयन झारखंड की U-16 फुटबॉल टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी फिलहाल आंध्र प्रदेश में झारखंड टीम के साथ मौजूद हैं और शुक्रवार को होने वाले झारखंड-बिहार मुकाबले में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।

राखी कुमारी और नैंसी मुंडा ऊलातू पंचायत के चरदी गांव की रहने वाली हैं, जबकि आयुषी कुमारी बोड़या पंचायत के संग्रामपुर गांव की निवासी हैं। तीनों के चयन की खबर से उनके गांवों के साथ-साथ स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब में भी खुशी का माहौल है।

खेतों में अभ्यास कर पहुंचीं झारखंड टीम तक

तीनों खिलाड़ियों की सफलता इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद फुटबॉल में अपनी पहचान बनाई है। मैदान की सुविधा नहीं होने के कारण इन खिलाड़ियों ने कई बार खेतों में अभ्यास करते हुए अपने खेल को निखारा। लगातार मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के दम पर तीनों ने राज्य की U-16 टीम में जगह बनाई है। स्टार वॉरियर्स क्लब से पहले भी कई खिलाड़ियों का झारखंड टीम में चयन होता रहा है और खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर पदक भी हासिल किए हैं।

ग्रामीण बेटियों के लिए बनी प्रेरणा

राखी, नैंसी और आयुषी की कहानी उन ग्रामीण लड़कियों के लिए प्रेरणा बन सकती है, जो सीमित सुविधाओं के बीच खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं। क्लब से जुड़े लोगों का कहना है कि उचित प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं मिलने पर ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं।

क्लब ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

तीनों खिलाड़ियों के चयन पर स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के कोच सह-संस्थापक अनवरुल हक उर्फ बबलू ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा, “हमारी बेटियां परिस्थितियों से नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और हौसले से पहचान बना रही हैं। आज मैदान की कमी है, लेकिन उनके सपनों की कोई सीमा नहीं है।”

राखी कुमारी, नैंसी मुंडा और आयुषी कुमारी की उपलब्धि पर जगदीश सिंह ‘जग्गू’, रश्मि तिर्की, शाहनवाज कुरैशी, राणा मिश्रा, रामेंद्र कुमार, समेंदर कुमार, शकील अहमद, नुरूल हक, सुमित महतो और छोटू टोप्पो समेत क्षेत्र के अन्य लोगों ने भी शुभकामनाएं दीं। अब तीनों खिलाड़ियों की नजर झारखंड U-16 टीम के साथ बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करने पर है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook