Hot News :

धनबाद के 12 पिकलबॉल खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित, कोच्चि में दिखाएंगे दम

धनबाद के 12 पिकलबॉल खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित, कोच्चि में दिखाएंगे दम

धनबाद : पिकलबॉल में धनबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। रांची के खेलगांव में 19 और 20 सितंबर को हुई 5वीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने कुल 13 पदक जीते। इसी प्रदर्शन के आधार पर धनबाद के 12 खिलाड़ियों का चयन 10वीं नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 4 अक्टूबर तक केरल के कोच्चि में किया जाएगा। इसमें देशभर से करीब एक हजार खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की संभावना है। झारखंड से भी 85 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

धनबाद ने जीते 6 स्वर्ण समेत 13 पदक

राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में धनबाद के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। बेहतर प्रदर्शन के बाद इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। चयनित खिलाड़ियों में गौरव कुमार, दीपक कुमार, प्रिंस विश्वकर्मा, जिगर विश्वकर्मा, सत्यम कुमार, रबिउल खान, अंश कुमार, सूर्यांश कुमार, सत्यम विश्वकर्मा, विनय गुप्ता, मयंक राज और सोनू कुमार शामिल हैं।

अंश और रबिउल ने जीते स्वर्ण पदक

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अंश कुमार और रबिउल खान ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं जिगर विश्वकर्मा ने अंडर-19 सिंगल्स के साथ आदित्य प्रजापति के साथ डबल्स में भी स्वर्ण पदक जीता। गौरव कुमार ने 35 प्लस वर्ग के सिंगल्स और डबल्स दोनों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। धनबाद के अन्य खिलाड़ियों ने रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले के पदक खाते को मजबूत किया।

एसोसिएशन ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और धनबाद पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. सुधीर तथा सचिव प्रभात कुमार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। धनबाद पिकलबॉल एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी गौरव कुमार ने कहा कि 12 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी कोच्चि में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook