रांची : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने क्लर्क भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत 9,124 से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान और हस्तलिखित घोषणा अपलोड करनी होगी। इनमें किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
फोटो अपलोड करते समय रखें विशेष सावधानी
SBI की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार उम्मीदवारों को हालिया पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करनी होगी। फोटो स्पष्ट और अच्छी गुणवत्ता वाली होनी चाहिए, जिसमें चेहरा साफ दिखाई दे। धुंधली, पुरानी या अस्पष्ट तस्वीर आवेदन प्रक्रिया में बाधा बन सकती है।
आवेदन से पहले तैयार रखें ये जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को निम्न दस्तावेज तैयार रखने चाहिए,
- शैक्षणिक प्रमाण पत्र (कॉलेज/विश्वविद्यालय)
- जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- हालिया पासपोर्ट साइज फोटो
- उम्मीदवार के हस्ताक्षर
- बाएं हाथ के अंगूठे का निशान (Thumb Impression)
- हस्तलिखित घोषणा (Handwritten Declaration)
फोटो, सिग्नेचर और थंब इम्प्रेशन में न करें गलती
बैंक ने स्पष्ट किया है कि यदि फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान या हस्तलिखित घोषणा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है। उम्मीदवारों को अपलोड से पहले फाइल का आकार, फॉर्मेट और गुणवत्ता जांचने की सलाह दी गई है।
परीक्षा केंद्र पर ले जाना होगा वैध पहचान पत्र
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एक वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। इसके लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, सत्यापित फोटो वाली बैंक पासबुक, स्कूल/कॉलेज आईडी कार्ड या राजपत्रित अधिकारी द्वारा जारी पहचान पत्र मान्य होंगे। उम्मीदवारों को मूल पहचान पत्र के साथ उसकी स्वप्रमाणित (Self-Attested) फोटोकॉपी भी ले जानी होगी। परीक्षा केंद्र पर कॉल लेटर के साथ पहचान पत्र की कॉपी जमा करनी होगी।
बायोमेट्रिक सत्यापन भी होगा
भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में SBI उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक सत्यापन कर सकता है। इसके तहत थंब इम्प्रेशन या आईरिस (IRIS) स्कैन लिया जा सकता है। किसी भी चरण में बायोमेट्रिक डेटा मेल नहीं खाने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। बैंक ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि परीक्षा या वेरिफिकेशन प्रक्रिया से पहले हाथों पर मेहंदी, स्याही, केमिकल या अन्य बाहरी पदार्थ न लगाएं। इससे बायोमेट्रिक सत्यापन में परेशानी हो सकती है।
गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई
SBI ने चेतावनी दी है कि आवेदन पत्र में गलत या भ्रामक जानकारी देने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। गंभीर मामलों में संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। आवेदन सबमिट करने से पहले उम्मीदवार यह सुनिश्चित कर लें कि अपलोड की गई फोटो स्पष्ट और हालिया है। हस्ताक्षर निर्धारित प्रारूप में हैं। थंब इम्प्रेशन साफ और पढ़ने योग्य है। हस्तलिखित घोषणा नोटिफिकेशन के अनुसार तैयार की गई है। सभी दस्तावेज निर्धारित फॉर्मेट और साइज में हैं। आवेदन में दर्ज व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी सही है।
31 अगस्त है आवेदन की अंतिम तिथि
SBI Clerk Recruitment 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को अंतिम समय की तकनीकी परेशानियों से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।




