रांची : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 की परीक्षा तारीख घोषित कर दी है। बोर्ड के अनुसार CTET 2026 का आयोजन 12 और 13 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी अहम जानकारी भी जारी की गई है।
परीक्षा से 15 दिन पहले मिलेगी सेंटर की जानकारी
CBSE के मुताबिक परीक्षा से करीब 15 दिन पहले CTET के आधिकारिक पोर्टल ctet.nic.in पर अभ्यर्थियों के परीक्षा शहर, परीक्षा केंद्र और परीक्षा की तारीख से संबंधित जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी। इससे उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और यात्रा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
एडमिट कार्ड परीक्षा से दो दिन पहले होगा उपलब्ध
CTET 2026 के लिए एडमिट कार्ड परीक्षा से दो दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड CTET पोर्टल से डाउनलोड करना होगा। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय-समय पर ctet.nic.in पर जारी होने वाले आधिकारिक अपडेट चेक करते रहें और परीक्षा से पहले अपने केंद्र की जानकारी व एडमिट कार्ड जरूर डाउनलोड कर लें।
12 और 13 दिसंबर को होगी परीक्षा
CTET 2026 की परीक्षा दो दिनों में आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को अपनी परीक्षा की तिथि और शिफ्ट की जानकारी आधिकारिक सूचना में दिए गए विवरण के अनुसार मिलेगी। परीक्षा से संबंधित किसी भी बदलाव या अतिरिक्त निर्देश के लिए अभ्यर्थियों को केवल CBSE और CTET की आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।




