Hot News :

डाक विभाग में GDS भर्ती का नया शेड्यूल जारी, 21 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

डाक विभाग में GDS भर्ती का नया शेड्यूल जारी, 21 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

रांची : भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) ऑनलाइन एंगेजमेंट शेड्यूल-II, जुलाई 2026 भर्ती प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत देशभर के डाकघरों में ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी करनी होगी।

31 अगस्त से शुरू होगा वन टाइम रजिस्ट्रेशन

भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा। OTR की शुरुआत 31 अगस्त 2026 से होगी, जबकि रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 19 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 2 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 21 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे।

23 और 24 सितंबर को मिलेगा सुधार का मौका

यदि आवेदन या रजिस्ट्रेशन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि हो जाती है, तो उम्मीदवारों को उसे सुधारने का अवसर भी मिलेगा। डाक विभाग ने 23 और 24 सितंबर 2026 को करेक्शन विंडो खोलने का निर्णय लिया है। इस अवधि में अभ्यर्थी शाम 5 बजे तक आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।

एक से अधिक रजिस्ट्रेशन पर हो सकती है कार्रवाई

भारतीय डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक ही रजिस्ट्रेशन कर सकता है। यदि किसी उम्मीदवार द्वारा एक से अधिक रजिस्ट्रेशन या डुप्लीकेट आवेदन किया जाता है, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। विभाग ने यह भी कहा है कि ऐसे मामलों में GDS (Conduct and Engagement) Rules, 2020 के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है।

फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना होगा अनिवार्य

आवेदन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को शैक्षणिक प्रमाणपत्र या अन्य दस्तावेज अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, निर्धारित प्रारूप में हालिया पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा। विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन अंतिम रूप से जमा करने से पहले सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच कर लें, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नोटिफिकेशन पढ़कर ही करें आवेदन

डाक विभाग ने बताया कि विभिन्न डाक सर्किलों और डिवीजनों में उपलब्ध रिक्तियों का विवरण आधिकारिक अधिसूचना के Annexure-I में दिया गया है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों से संबंधित आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook