रांची : झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) का परिणाम दिसंबर में जारी किया जा सकता है। रविवार को राज्यभर में परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा में कक्षा 1 से 5वीं और कक्षा 6 से 8वीं तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी शामिल हुए।
जैक के सचिव सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा ने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी तरह की अनियमितता की सूचना नहीं मिली है। अब जैक परिणाम जारी करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।
दोनों स्तरों पर 4.85 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
JTET के प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा के लिए कुल 1,96,211 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 1,72,145 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 24,066 अनुपस्थित रहे। इस स्तर पर 87.73 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा के लिए 3,69,705 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 3,13,098 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 56,607 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस स्तर पर कुल उपस्थिति 84.69 प्रतिशत रही।
अगले सप्ताह मांगी जाएंगी आपत्तियां, सार्वजनिक होगी OMR शीट
परीक्षा के बाद अब जैक उत्तर कुंजी जारी करने की तैयारी में जुट गया है। अगले सप्ताह से अभ्यर्थियों को प्रश्नों और उनके संभावित उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा। इसके लिए 10 से 15 दिनों का समय निर्धारित किया जा सकता है।
परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जैक पहली बार अभ्यर्थियों की OMR शीट सार्वजनिक डोमेन में अपलोड करने की तैयारी कर रहा है। इससे अभ्यर्थी अपनी उत्तर पुस्तिका देख सकेंगे और उत्तरों का मिलान कर सकेंगे।
जैक सचिव के अनुसार, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। इसके बाद दिसंबर में JTET का परिणाम जारी करने की तैयारी है।




