रांची : एस.आर. डीएवी. पब्लिक स्कूल, पुंदाग में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड जोन-बी के एआरओ एम.के. सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड जोन-जी के एआरओ सह एस.आर. डीएवी पुंदाग के प्रबंधक एवं डीएवी हेहल के प्राचार्य विपिन राय उपस्थित थे। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. तापस घोष ने अतिथियों और अभिभावकों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की संगीत मंडली द्वारा स्वागत गान से हुई। इसके बाद छात्राओं ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह में नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों, सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर्स तथा 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थी और उनके अभिभावक उत्साहित नजर आए।
शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी: एम.के. सिन्हा
मुख्य अतिथि एम.के. सिन्हा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि डीएवी संस्था शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं के विकास के लिए जानी जाती है। आज समाज में नैतिक मूल्यों का क्षरण हो रहा है, ऐसे में बच्चों को मानवीय गुणों से परिपूर्ण बनाने की आवश्यकता है।
विद्यार्थियों ने सफलता के नए प्रतिमान गढ़े: विपिन राय
विशिष्ट अतिथि विपिन राय ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि उसके छात्रों ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता के नए मानदंड स्थापित किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करें विद्यार्थी: डॉ. तापस घोष
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. तापस घोष ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि देश की भी अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 11 के विद्यार्थियों को अभी से अपना लक्ष्य तय कर निरंतर परिश्रम करने की सलाह दी, ताकि वे भी भविष्य में नई उपलब्धियां हासिल कर सकें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अंत में शांतिपाठ के साथ समारोह का समापन हुआ।




