रांची : रांची रेल मंडल में कर्मचारियों के लिए पहली बार इंटर-डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट-2026 का आयोजन किया गया। हटिया हॉकी स्टेडियम में हुई इस प्रतियोगिता में अलग-अलग विभागों के रेलकर्मियों ने क्रिकेट, फुटबॉल, शतरंज, कैरम, तैराकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स जैसी स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग विभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि मैकेनिकल विभाग उपविजेता रहा।
विजेता खिलाड़ियों को डीआरएम ने किया सम्मानित
समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल कर्मचारियों में अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
डीआरएम ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए स्पोर्ट्स ऑफिसर राजा, सहायक स्पोर्ट्स अधिकारी आशुतोष कुमार सिन्हा और सेरसा सचिव ओम प्रकाश ठाकुर की सराहना की।
वॉलीबॉल और शतरंज अकादमी का भी उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान वॉलीबॉल और शतरंज अकादमी का उद्घाटन भी किया गया। इन अकादमियों में रेल कर्मचारियों के साथ बाहरी खिलाड़ी भी प्रशिक्षण ले सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल अभियंता साकेत कुमार समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। दक्षिण पूर्व रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (SERSA), रांची की ओर से आयोजित इस खेल आयोजन में कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।




