रांची : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 का सोमवार को मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह हॉकी स्टेडियम में समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। अलग-अलग आयु वर्गों के फाइनल के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की अपर सचिव सीता पुष्पा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतिभा के साथ अनुशासन, नियमित अभ्यास और समर्पण सफलता के लिए जरूरी हैं।
अंडर-15 बालक वर्ग में खूंटी ने जीता खिताब
अंडर-15 बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पोलोल, खूंटी विजेता बना। उच्च विद्यालय, सिमडेगा उपविजेता रहा, जबकि संत इग्नेशियुस उच्च विद्यालय, गुमला ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ग में साहिल होरो को सर्वश्रेष्ठ मैच खिलाड़ी, सुकवन भिंगरा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और श्याम शान को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।
अंडर-17 बालक वर्ग में सिमडेगा चैंपियन
अंडर-17 बालक वर्ग का खिताब संत मेरी उच्च विद्यालय एवं इंटर कॉलेज, शामटोली, सिमडेगा ने अपने नाम किया। उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पोलोल, खूंटी को उपविजेता और संत जोसेफ स्कूल, महुआटांड़, लातेहार को तीसरा स्थान मिला।
इस वर्ग में सेमुअल मिंज सर्वश्रेष्ठ मैच खिलाड़ी, सचिन शेंगरा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और अजय हेमरोम सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर रहे।
अंडर-17 बालिका वर्ग में भी सिमडेगा का दबदबा
अंडर-17 बालिका वर्ग में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, सिमडेगा विजेता रहा। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, बरियातू, रांची उपविजेता और +2 आर.एन. उच्च विद्यालय, पदमा, हजारीबाग तीसरे स्थान पर रहा। इस वर्ग में सौम्या डुंगडुंग को सर्वश्रेष्ठ मैच खिलाड़ी, अनु प्रिया एक्का को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और बार्टिला केरकेट्टा को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार दिया गया।
समापन समारोह में कई अतिथि रहे मौजूद
समारोह में जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, हॉकी झारखंड के महानिदेशक विजय शंकर सिंह, रजनीश कुमार, डीएवी विद्यालय कांके की प्रधानाध्यापक किरण यादव, अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति और हॉकी झारखंड की कोषाध्यक्ष आश्रिता समेत कई अतिथि मौजूद रहे।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने अतिथियों और खेल संवाददाताओं का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। मंच संचालन चंद्रदेव सिंह ने किया। प्रतियोगिता के समापन के बाद विजेता खिलाड़ियों और टीमों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई दी।




