Hot News :

रांची में इंटर-स्कूल मॉक पार्लियामेंट प्रतियोगिता का आयोजन, 19 स्कूलों के विद्यार्थियों ने दिखाई संसदीय प्रतिभा

रांची में इंटर-स्कूल मॉक पार्लियामेंट प्रतियोगिता का आयोजन, 19 स्कूलों के विद्यार्थियों ने दिखाई संसदीय प्रतिभा

रांची: मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल, रांची में वीएन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के तत्वावधान में इंटर-स्कूल मॉक पार्लियामेंट प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय "महिला सशक्तिकरण विधेयक-2026" था, जिसमें शहर के 19 प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संसद की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उनमें नेतृत्व, तार्किक चिंतन तथा प्रभावी संवाद कौशल विकसित करना था।

पूर्व सांसद रामटहल चौधरी रहे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रांची के पूर्व सांसद रामटहल चौधरी थे। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन मनरखन महतो, रांची सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की सचिव एवं लोयोला स्कूल की प्रिंसिपल परिमिता साहा, गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल शालिनी विजय समेत शिक्षा और विधि जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

महिला सशक्तिकरण विधेयक पर हुई संसदीय बहस

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए महिला सशक्तिकरण विधेयक-2026 पर संसदीय चर्चा प्रस्तुत की। प्रतिभागियों ने संसदीय मर्यादाओं का पालन करते हुए अपने तर्क, वक्तृत्व कला और विषय की गहरी समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझने और विचारों के आदान-प्रदान का बेहतर मंच प्रदान किया।

व्यक्तित्व विकास में सहायक हैं ऐसे आयोजन

विद्यालय की प्राचार्या रेखा नायडू ने सभी प्रतिभागियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए रांची सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।

विजेताओं ने जीते सम्मान

प्रतियोगिता में सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आइडियल इंटरनेशनल स्कूल दूसरे और विवेकानंद विद्या मंदिर तीसरे स्थान पर रहा। डीएवी हेहल को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। व्यक्तिगत श्रेणी में हर्ष भारद्वाज (कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके) को बेस्ट स्पीकर, शांभवी गर्ग (डीएवी हेहल) को बेस्ट प्राइम मिनिस्टर और सम्राट शर्मा (कैंब्रियन पब्लिक स्कूल) को बेस्ट लीडर ऑफ अपोजिशन का पुरस्कार मिला। इसके अलावा पियूष राज झा को बेस्ट पार्लियामेंटेरियन और सूरज राज को बेस्ट डिबेटर चुना गया।

बड़ी संख्या में शिक्षक और अभिभावक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, ट्रस्टियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजन ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र, संसदीय परंपराओं और सामाजिक मुद्दों पर गंभीर चिंतन का अवसर प्रदान किया।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook