देशभर में 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल. 58% से अधिक सफल अभ्यर्थी छात्राएं. 19 छात्रों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए
रांची : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने गुरुवार देर रात नीट यूजी री-एग्जाम 2026 का परिणाम जारी कर दिया. देशभर के करीब 20 लाख अभ्यर्थियों में से 11.21 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए हैं. परीक्षा का आयोजन 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों के कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में कराया गया था. सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं. झारखंड में इस बार सुहर्ष कुमार गुप्ता स्टेट टॉपर बने हैं. उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 455 और 99.9771 पर्सेंटाइल हासिल किया है. हालांकि राज्य का कोई भी अभ्यर्थी टॉप-100 ऑल इंडिया रैंक में जगह नहीं बना सका.
रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने 665 अंक, 99.96 पर्सेंटाइल और AIR 676 हासिल कर जिले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. वहीं अक्षत प्रेम ने 642 अंक के साथ AIR 2034, शाकिब अहमद ने 640 अंक के साथ AIR 2282, मयंक कुमार ने AIR 3211, वैष्णवी राज ने AIR 3905 और सर्वजीत ने AIR 4271 हासिल की.
रांची से इस वर्ष करीब 10 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे. परिणाम जारी होने से पहले एनटीए ने फाइनल आंसर-की जारी की थी. इसमें एक प्रश्न को ड्रॉप किया गया, जबकि एक प्रश्न के दो उत्तरों को सही माना गया.
राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख बातें
देशभर में करीब 20 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए.
- 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए.
- सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं.
- 138 अभ्यर्थियों ने 690 से अधिक अंक प्राप्त किए.
- 19 अभ्यर्थियों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए.
- 1,492 अभ्यर्थियों को 650 या उससे अधिक अंक मिले.
- 10,160 अभ्यर्थियों ने 600 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए.
- 90,780 अभ्यर्थियों ने 500 या उससे अधिक अंक हासिल किए.
इस वर्ष सर्वोच्च 715 अंक प्राप्त हुए. यह अंक आर्यन गुप्ता (पंजाब) और पांशुल बंसल (हरियाणा) ने संयुक्त रूप से हासिल किए.




