Hot News :

बोकारो की पूनम कुमारी का झारखंड क्रिकेट टीम में चयन, जम्मू में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम

बोकारो की पूनम कुमारी का झारखंड क्रिकेट टीम में चयन, जम्मू में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम

बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले की बेटी पूनम कुमारी ने क्रिकेट के मैदान में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, नावाडीह की छात्रा पूनम का चयन 70वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 के लिए झारखंड की 16 सदस्यीय राज्य स्तरीय टीम में हुआ है। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कक्षा 11वीं के कला संकाय की छात्रा पूनम को यह मौका उनकी खेल प्रतिभा और लगातार मेहनत के दम पर मिला है। प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 20 नवंबर 2026 तक जम्मू में किया जाएगा।

माता-पिता और कोच को दिया सफलता का श्रेय

राज्य स्तरीय टीम में चयन होने पर पूनम कुमारी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और क्रिकेट कोच चंद्र भूषण श्रीवास्तव को दिया। पूनम के मुताबिक, खेल के सफर में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन माता-पिता और कोच ने लगातार उनका हौसला बढ़ाया और बेहतर मार्गदर्शन दिया। पूनम के चयन से विद्यालय में उत्साह का माहौल है। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।

प्राचार्य ने कोच की मेहनत को सराहा

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राजीव रंजन तिवारी ने पूनम की सफलता पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सह क्रिकेट कोच चंद्र भूषण श्रीवास्तव के प्रयासों की सराहना की। प्राचार्य ने कहा कि कोच की मेहनत और लगन से विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि, उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है। विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

लगातार दूसरे साल विद्यालय की छात्रा का राज्य टीम में चयन

प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय की किसी छात्रा का लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तरीय क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। इससे पहले 2025 में कक्षा 10वीं की छात्रा सुमन कुमारी का भी राज्य स्तरीय टीम में चयन हुआ था। लगातार दूसरे वर्ष मिली इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

जम्मू में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

अब पूनम कुमारी के सामने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका है। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि वह जम्मू में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बोकारो और झारखंड का नाम रोशन करेंगी। पूनम की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook