Hot News :

झारखंड में B.Ed, M.Ed और B.P.Ed में नामांकन का आखिरी मौका, 11 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन काउंसलिंग

झारखंड में B.Ed, M.Ed और B.P.Ed में नामांकन का आखिरी मौका, 11 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन काउंसलिंग

रांची : झारखंड के बीएड, एमएड और बीपीएड संस्थानों में सत्र 2026-28 के तहत नामांकन से वंचित अभ्यर्थियों को एक और मौका मिलने जा रहा है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए अंतिम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत अभ्यर्थी 11 नवंबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और कॉलेजों का विकल्प भर सकेंगे।

इस काउंसलिंग में वैसे अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं, जो पहले, दूसरे, तीसरे, चौथे या विशेष काउंसलिंग चरण में किसी कारण से हिस्सा नहीं ले पाए थे। इसके अलावा राज्य की मेधा सूची में शामिल वे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे, जिन्हें अब तक सीट आवंटित नहीं हुई है या सीट मिलने के बावजूद वे नामांकन नहीं ले सके हैं।

कॉलेज बदलने का भी मिलेगा मौका

JCECEB के अनुसार, पहले के काउंसलिंग चरणों में नामांकन करा चुके अभ्यर्थियों को भी संस्थान बदलने का अवसर दिया जाएगा। वे उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर दूसरे कॉलेज के लिए विकल्प भर सकते हैं। हालांकि, अंतिम चरण में नया संस्थान आवंटित होने पर उनका पुराना नामांकन स्वतः रद्द हो जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित अभ्यर्थी को नए आवंटित संस्थान में ही नामांकन लेना अनिवार्य होगा।

जानें काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल

पर्षद की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 10 नवंबर को रिक्त सीटों का विवरण यानी सीट मैट्रिक्स जारी किया जाएगा। इसके बाद 11 से 15 नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया चलेगी। 17 नवंबर को अस्थायी सीट आवंटन पत्र जारी किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 18 से 23 नवंबर तक संबंधित संस्थानों में दस्तावेज सत्यापन कराकर नामांकन पूरा करना होगा।

कैटेगरी के अनुसार काउंसलिंग शुल्क

ऑनलाइन काउंसलिंग में शामिल होने के लिए सामान्य, ईडब्ल्यूएस, बीसी-1 और बीसी-2 श्रेणी के अभ्यर्थियों को 400 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, एससी, एसटी और सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा।

अधिक कॉलेजों का विकल्प भरने की सलाह

अभ्यर्थी चॉइस फिलिंग के दौरान अपनी पसंद के अनुसार जितने चाहें, उतने संस्थानों का चयन कर सकते हैं। कॉलेजों के विकल्प भरने की संख्या पर कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। पर्षद ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि सीट आवंटन की संभावना बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक उपलब्ध संस्थानों को अपनी पसंद में शामिल करें।

काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर जा सकते हैं। किसी तरह की परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 9264473893 या ई-मेल jceceboard@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook