Hot News :

Asian Games 2026: जमशेदपुर की जोगा पूर्ति ने 7.28 सेकंड में रचा रिकॉर्ड, स्पीड क्लाइंबिंग के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं

Asian Games 2026: जमशेदपुर की जोगा पूर्ति ने 7.28 सेकंड में रचा रिकॉर्ड, स्पीड क्लाइंबिंग के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं

जमशेदपुर : जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में जमशेदपुर की 19 वर्षीय जोगा पूर्ति ने महिला स्पीड क्लाइंबिंग में नया भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। जोगा ने मंगलवार को 15 मीटर की दीवार पर 7.28 सेकंड का समय दर्ज किया और क्वालिफिकेशन राउंड में नौवां स्थान हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। यह उनका एशियन गेम्स डेब्यू भी है।

अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में किया सुधार

जोगा पूर्ति ने 7.28 सेकंड का समय निकालकर अपना ही पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 7.37 सेकंड था, जिसे उन्होंने 2026 एशियन चैंपियनशिप में बनाया था। एशियन गेम्स में अपने पहले ही मुकाबले में रिकॉर्ड सुधारना उनके प्रदर्शन की खास उपलब्धि रही। स्पीड क्लाइंबिंग में खिलाड़ियों को 15 मीटर ऊंची दीवार पर सबसे कम समय में चढ़ना होता है। क्वालिफिकेशन के बाद प्रतियोगिता नॉकआउट चरण में पहुंचती है, जहां खिलाड़ी आमने-सामने मुकाबला करते हैं।

17 खिलाड़ियों में नौवें स्थान पर रहीं जोगा

महिला स्पीड क्लाइंबिंग के क्वालिफिकेशन राउंड में कुल 17 खिलाड़ी शामिल हुईं। चीन की लिजुआन डेंग 6.23 सेकंड के एशियन गेम्स रिकॉर्ड के साथ शीर्ष पर रहीं, जबकि दक्षिण कोरिया की जिमिन जियोंग 6.25 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। जोगा 7.28 सेकंड के साथ नौवें स्थान पर रहीं।

अब जोगा बुधवार को क्वार्टर फाइनल में उतरेंगी। एशियन गेम्स के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार उनका महिला स्पीड क्लाइंबिंग क्वार्टर फाइनल मुकाबला बुधवार शाम 4:36 बजे IST से निर्धारित है।

TSAF क्लाइंबिंग अकादमी से जुड़ी हैं जोगा

जोगा पूर्ति टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) क्लाइंबिंग अकादमी की खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2024 IFSC एशियन यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल भी जीता था और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। जोगा की इस उपलब्धि से जमशेदपुर और झारखंड के खेल जगत में उत्साह है। अब निगाहें उनके क्वार्टर फाइनल मुकाबले पर हैं, जहां वह नॉकआउट चरण में भारत की चुनौती पेश करेंगी। भारत ने एशियन गेम्स में अब तक स्पोर्ट क्लाइंबिंग में पदक नहीं जीता है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook