रांची : रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में विशेषज्ञ डॉक्टरों और शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। संस्थान ने असिस्टेंट प्रोफेसर के 22 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों में नियमित के साथ बैकलॉग रिक्तियां भी शामिल हैं।
भर्ती के तहत ऑर्थोपेडिक, न्यूरोसर्जरी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और ट्रॉमा न्यूरोसर्जरी समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी।
इन विभागों में होगी असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति
RIMS के विज्ञापन के मुताबिक, असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों के लिए ऑर्थोपेडिक, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, यूरोलॉजी, सीवीटीएस, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, नियोनेटोलॉजी, न्यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियक एनेस्थीसिया और ट्रॉमा न्यूरोसर्जरी विभाग शामिल हैं।
संस्थान ने अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप के अनुसार आवेदन जमा करने को कहा है।
MD-MS या समकक्ष योग्यता जरूरी
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए अभ्यर्थी के पास MD/MS या राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के निर्धारित मानकों के अनुरूप समकक्ष शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा संबंधित विषय में तीन वर्ष का शिक्षण या शोध अनुभव भी आवश्यक बताया गया है। वहीं, DM या MCh की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए संबंधित विषय में एक वर्ष का शिक्षण या शोध अनुभव मान्य होगा।
RIMS के विज्ञापन में तीन वर्षीय DM/MCh डिग्रीधारियों को अनुभव की अनिवार्यता से छूट दी गई है। यानी निर्धारित तीन वर्षीय DM या MCh योग्यता रखने वाले उम्मीदवार अतिरिक्त शिक्षण या शोध अनुभव के बिना भी आवेदन के लिए पात्र हो सकते हैं।
दो चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया
असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए चयन प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की पात्रता और आवेदन से जुड़े दस्तावेजों की जांच होगी। इसके बाद पात्र उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की जाएगी। डीन (अकादमिक्स) की अध्यक्षता वाली समिति स्क्रीनिंग के आधार पर साक्षात्कार के लिए योग्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार करेगी। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा और आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आवेदन की अंतिम तिथि, आवेदन शुल्क, वेतनमान और विभागवार रिक्तियों का विस्तृत विवरण RIMS के आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दिया गया है। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर देख लें।




