रांची : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 के तहत अंडर-17 एथलेटिक्स और हॉकी प्रतियोगिता का समापन हो गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स के बालिका वर्ग में हजारीबाग, जबकि बालक वर्ग में लातेहार ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, हॉकी के बालक और बालिका दोनों वर्गों में सिमडेगा की टीम चैंपियन बनी।
एथलेटिक्स में हजारीबाग और लातेहार ने मारी बाजी
एथलेटिक्स के अंडर-17 बालिका वर्ग में हजारीबाग ने प्रथम स्थान हासिल किया। रांची दूसरे और पश्चिमी सिंहभूम तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, बालक वर्ग में लातेहार चैंपियन, साहिबगंज उपविजेता और खूंटी तीसरे स्थान पर रहा।
हॉकी के दोनों वर्गों में सिमडेगा विजेता
अंडर-17 हॉकी के बालिका वर्ग में सिमडेगा ने पहला स्थान हासिल किया। रांची दूसरे और हजारीबाग तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत पुरस्कारों में सिमडेगा की बर्टिला केरकेट्टा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, संदीपा कुमारी को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और रांची की प्रिती बारला को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।
बालक वर्ग में भी सिमडेगा ने खिताब अपने नाम किया। खूंटी दूसरे और गुमला तीसरे स्थान पर रहा। इस वर्ग में हजारीबाग के रितेश टोपनो को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, सिमडेगा के अनुकेत केरकेट्टा को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और ऋषभ कुल्लू को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिला।
खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने पर जोर
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि खेलो झारखंड का उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं है। इसके जरिए विभिन्न जिलों में छिपी स्कूली खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर मंच, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने एथलेटिक्स और हॉकी में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को उत्साहजनक बताया।
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता जिलों की ओवरऑल चैंपियन टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, झारखंड राज्य एथलेटिक्स संघ के महासचिव शिवकुमार पांडेय, हॉकी संघ के विजय शंकर सिंह और रजनीश कुमार ने किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।




