Hot News :

BIT मेसरा के दो छात्रों को करोड़ों का पैकेज, रांची के कुशाग्र को 1.4 करोड़ और डाल्टेनगंज के अंकित को 1.09 करोड़ का ऑफर

BIT मेसरा के दो छात्रों को करोड़ों का पैकेज, रांची के कुशाग्र को 1.4 करोड़ और डाल्टेनगंज के अंकित को 1.09 करोड़ का ऑफर

लिंक्डइन में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर पद पर हुआ चयन, कंप्यूटर साइंस विभाग के छात्रों ने रचा नया कीर्तिमान

रांची: बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) मेसरा के छात्रों ने एक बार फिर प्लेसमेंट के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) विभाग के दो छात्रों को एक करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक पैकेज प्राप्त हुए हैं। रांची के कुशाग्र सहाय को 1.4 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष और डाल्टेनगंज के अंकित कुमार को 1.09 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष का पैकेज मिला है। दोनों का चयन पेशेवर नेटवर्किंग कंपनी LinkedIn में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर (SDE) के पद पर हुआ है।दो छात्रों को एक करोड़ रुपये से अधिक का पैकेज मिलने को BIT मेसरा की हालिया प्लेसमेंट उपलब्धियों में बड़ी सफलता माना जा रहा है। संस्थान प्रबंधन ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

सीनियर्स के मार्गदर्शन और प्रोजेक्ट्स से मिली सफलता: कुशाग्र

रांची निवासी कुशाग्र सहाय ने अपनी सफलता का श्रेय लगातार सीखने और प्रोजेक्ट आधारित तैयारी को दिया। उन्होंने बताया कि कॉलेज में प्रवेश के बाद उन्होंने सीनियर छात्रों से मार्गदर्शन लिया और कोडिंग क्लब से जुड़कर कई तकनीकी परियोजनाओं पर काम किया। कुशाग्र के अनुसार, कंप्यूटर साइंस के मूल विषयों को गहराई से समझने और व्यावहारिक प्रोजेक्ट्स पर काम करने से उन्हें काफी फायदा मिला। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा विकसित कुछ प्रोजेक्ट्स का उपयोग आज भी विभिन्न स्तरों पर किया जा रहा है।कुशाग्र के पिता मनीष कुमार सीसीएल में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता स्मिता नारायण एक पीजीटी शिक्षिका हैं।

कोडिंग के प्रति रुचि ने दिलाई मंजिल: अंकित कुमार

डाल्टेनगंज निवासी अंकित कुमार ने बताया कि उन्हें शुरू से ही कोडिंग में विशेष रुचि थी। इसी वजह से उन्होंने लगातार प्रोग्रामिंग और तकनीकी कौशल को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया। अंकित ने कहा कि उन्होंने कॉम्पिटिटिव प्रोग्रामिंग में सक्रिय भागीदारी की और साथ ही डेटा स्ट्रक्चर, ऑपरेटिंग सिस्टम, डेटाबेस मैनेजमेंट सिस्टम (DBMS) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहराई से अध्ययन किया। उन्होंने कंपनियों की आवश्यकताओं को समझकर उसी दिशा में तैयारी की। अंकित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, विशेषकर दादा अनिरुद्ध प्रसाद के प्रोत्साहन को दिया। उनके पिता अश्विनी कुमार पलामू एसपी कार्यालय में फैसिलिटी मैनेजर हैं, जबकि उनकी माता भावना देवी गृहिणी हैं।

छात्रों के लिए प्रेरणा बनी सफलता

कुशाग्र सहाय और अंकित कुमार की उपलब्धि न केवल BIT मेसरा बल्कि झारखंड के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। तकनीकी शिक्षा, निरंतर अभ्यास, प्रोजेक्ट आधारित सीखने और सही मार्गदर्शन के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में उत्कृष्ट अवसर हासिल किए जा सकते हैं, इन दोनों छात्रों ने इसका उदाहरण प्रस्तुत किया है।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook