पाकुड़ : झारखंड के छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों की बेटियां भी खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसकी मिसाल पाकुड़ की दो आदिवासी बेटियों ने पेश की है। जिले की रेबेका मुर्मू और सृष्टि हांसदा का चयन अंडर-15 गर्ल्स झारखंड स्टेट क्रिकेट कैंप के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी 26 नवंबर को बोकारो के लिए रवाना होंगी। उनका सपना एक दिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करना है।
रेबेका मुर्मू पाकुड़ के सोनाजोड़ी की रहने वाली हैं। वह बैटिंग ऑलराउंडर हैं। वहीं, कितझोड़ निवासी सृष्टि हांसदा सलामी बल्लेबाज हैं। दोनों खिलाड़ियों के लिए यह चयन अपने क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
10 दिवसीय कैंप में प्रदर्शन पर रहेगी नजर
रेबेका और सृष्टि ने बताया कि पाकुड़ जैसे जिले से क्रिकेट में आगे बढ़ते हुए राज्य स्तर के कैंप तक पहुंचना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। दोनों का मानना है कि मेहनत, समर्पण और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
फिलहाल उनका पूरा ध्यान बोकारो में होने वाले 10 दिवसीय कैंप में बेहतर प्रदर्शन करने और खेल की बारीकियां सीखने पर है। रेबेका मुर्मू ने चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि वह कैंप की तैयारी में जुटी हैं और वहां काफी कुछ सीखने का अवसर मिलेगा।
पिता और कोच के सहयोग से आगे बढ़ीं सृष्टि
सृष्टि हांसदा ने अपनी सफलता का श्रेय पिता और कोच को दिया। उन्होंने बताया कि कोच ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उसे निखारने में मदद की।
सृष्टि के पिता बी. हांसदा ने बेटी के झारखंड स्टेट कैंप के लिए चयनित होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उनकी इच्छा है कि बेटी एक दिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए खेले।
झारखंड कैंप के लिए 20 खिलाड़ियों का चयन
जिला खेलकूद पदाधिकारी के अनुसार, अंडर-15 गर्ल्स क्रिकेट कैंप के लिए कुल 20 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें दो खिलाड़ी पाकुड़ जिले की हैं। उन्होंने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि अन्य लड़कियों को भी इन खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।
दोनों चयनित खिलाड़ी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राएं हैं। जिला प्रशासन की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया है। उनकी उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा को आगे बढ़ने के लिए बड़े शहर का होना जरूरी नहीं है। मेहनत और सही मार्गदर्शन से छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं।




