Hot News :

12वीं पास युवाओं को रेलवे में इंजीनियर बनने का मौका, पढ़ाई का खर्च उठाएगा रेलवे; SSE बनने का रास्ता होगा आसान

12वीं पास युवाओं को रेलवे में इंजीनियर बनने का मौका, पढ़ाई का खर्च उठाएगा रेलवे; SSE बनने का रास्ता होगा आसान

रांची : 12वीं के बाद रेलवे में इंजीनियर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे बोर्ड ने युवाओं को सीधे तकनीकी क्षेत्र से जोड़ने के लिए नई टेक्निकल एंट्री स्कीम (TES) शुरू करने की पहल की है। इस योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को रेलवे की जरूरतों के अनुसार इंजीनियरिंग की पढ़ाई कराई जाएगी। चार साल का कोर्स पूरा करने के बाद उन्हें सीनियर सेक्शन इंजीनियर (SSE) बनने का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि चयनित युवाओं की पढ़ाई और हॉस्टल का खर्च रेलवे उठाएगा।

रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में 20 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया है। इस पहल से रेलवे में इंजीनियरों की भर्ती और प्रशिक्षण की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव आने की उम्मीद है।

चार तकनीकी विभागों में मिलेगी नियुक्ति

रेलवे की इस नई योजना का नाम टेक्निकल एंट्री स्कीम (TES) रखा गया है। इसका उद्देश्य 12वीं के बाद ही योग्य युवाओं का चयन कर उन्हें रेलवे के लिए तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करना है। यह योजना रेलवे के चार प्रमुख विभागों में लागू होगी। इनमें सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग शामिल हैं। चयनित युवाओं को इन विभागों की जरूरतों के अनुसार इंजीनियरिंग की विशेष पढ़ाई कराई जाएगी। कोर्स पूरा करने के बाद उन्हें सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस योजना में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को निर्धारित शैक्षणिक और आयु संबंधी योग्यताएं पूरी करनी होंगी।उम्मीदवार का 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथेमेटिक्स (PCM) विषय होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की उम्र 17 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन के लिए JEE Main की रैंक को आधार बनाया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित इंजीनियरिंग कोर्स पूरा करना होगा। हालांकि, आवेदन की विस्तृत प्रक्रिया और अन्य पात्रता शर्तों की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।

गति शक्ति विश्वविद्यालय में होगी चार साल की पढ़ाई

इस योजना की खास बात यह है कि चयनित युवाओं को इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए अपनी जेब से खर्च नहीं करना होगा। अभ्यर्थियों को गति शक्ति विश्वविद्यालय में चार साल का विशेष BE या BTech कोर्स कराया जाएगा। इस दौरान उनकी ट्यूशन फीस के साथ हॉस्टल का खर्च भी रेलवे की ओर से उठाया जाएगा। कोर्स को रेलवे की तकनीकी जरूरतों के अनुसार तैयार किया जाएगा। इसमें रेलवे ट्रैक, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, मशीनरी और सिग्नलिंग जैसी व्यवस्थाओं से संबंधित तकनीकी जानकारी दी जाएगी।

रेलवे में नौकरी के लिए भरना होगा सर्विस बॉन्ड

टेक्निकल एंट्री स्कीम के तहत चयनित युवाओं को सर्विस बॉन्ड भी भरना होगा। इसके अनुसार, इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उम्मीदवारों को निर्धारित अवधि तक रेलवे में सेवाएं देनी होंगी। अगर कोई उम्मीदवार तय अवधि पूरी होने से पहले नौकरी छोड़ता है या बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करता है, तो उसे निर्धारित राशि का भुगतान करना पड़ सकता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रशिक्षण पर रेलवे की ओर से किए जाने वाले खर्च को सुरक्षित रखना है।

आवेदन की तारीख और सीटों की संख्या का इंतजार

रेलवे बोर्ड ने फिलहाल इस योजना को लेकर आदेश जारी किया है। हालांकि, आवेदन की शुरुआत, कुल सीटों की संख्या, विस्तृत चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की जानकारी अभी सामने आना बाकी है। ऐसे में 12वीं में PCM विषय से पढ़ाई कर रहे और JEE Main की तैयारी करने वाले युवाओं को रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और आगामी अधिसूचना पर नजर रखनी चाहिए। विस्तृत नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही आवेदन से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट होगी।

or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook